महासमुन्द

पैसे कमाने अपना बैंक खाता साइबर ठगी के लिए दिया, 7 को 3 साल कैद
29-Jun-2026 3:54 PM
पैसे कमाने अपना बैंक  खाता साइबर ठगी के लिए  दिया, 7 को 3 साल कैद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 29 जून। महासमुंद की विशेष अदालत ने देशव्यापी साइबर ठगी में म्यूल अकाउंट (किराए के बैंक खाते) उपलब्ध कराने वाले गिरोह पर बड़ा फैसला सुनाया है। गृह मंत्रालय के समन्वय पोर्टल की शिकायत पर शुरू हुई इस जांच में न्यायालय द्वितीय अपर सत्र न्यायाधीश आनंद बोरकर ने 7 आरोपियों को दोषी पाते हुए 3-3 साल के सश्रम कारावास और अर्थदंड की सजा सुनाई है, जबकि एक आरोपी को साक्ष्य के अभाव में दोषमुक्त कर दिया गया है।

पूरा मामला तब उजागर हुआ, जब भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा संचालित समन्वय पोर्टल के जरिए पुलिस को महासमुंद के कुछ बैंक खातों में करोड़ों रुपए के संदिग्ध लेनदेन की जानकारी मिली।

विवेचना अधिकारी निरीक्षक शरद दुबे बताया कि इस मामले में 20 मई 2025 को आरोपियों के खिलाफ  एफ आईआर दर्ज की गई थी। आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उन्होंने पैसों के लालच में आकर अपने वैध दस्तावेजों पर खुले बैंक खाते साइबर ठगों और ऑनलाइन गेमिंग कंपनियों को सौंप दिए थे। इन खातों में आम जनता से ठगी गई रकम का रोटेशन हो रहा था।

न्यायालय ने आरोपी रविंदर सिंह चावला, महेश जैन, राज चंद्राकर, शीतल साहू, रामनारायण साहू, प्रीतम उर्फ  प्रेम मारकण्डे और नौशाद साहू को भारतीय न्याय संहिता की धारा 317-2 और 61-2 के तहत दोषी पाया। कोर्ट ने सभी 7 दोषियों को 3-3 वर्ष का सश्रम कारावास और 100-100 रुपए का अर्थदंड दिया। दूसरे आरोपी दीपक तिलवानी के खिलाफ  बैंक खाते या लेनदेन का प्रत्यक्ष साक्ष्य न मिलने के कारण कोर्ट ने उन्हें संदेह का लाभ देकर बरी कर दिया गया है।


अन्य पोस्ट