महासमुन्द

झमाझम बारिश: खेतों में अंकुरित धान के पौधों को नई ऊर्जा
01-Jul-2026 3:39 PM
झमाझम बारिश: खेतों में अंकुरित धान के पौधों को नई ऊर्जा

महासमुंद,1 जुलाई। बड़े साजापाली क्षेत्र में मंगलवार सुबह झमाझम बारिश हुई, जिससे किसानों के चेहरों पर मुस्कान है। लंबे इंतजार के बाद हुई अच्छी बारिश से खेतों में अंकुरित हो चुके धान के पौधों को नई ऊर्जा मिली है। हालांकि क्षेत्र में हुई यह बारिश खंड वर्षा के रूप में रही। जिसके कारण कुछ गांवों के किसानों को राहत मिली, लेकिन कई इलाकों में बारिश नहीं होने से चिंता अभी भी बनी हुई है।

मालूम हो कि बसना क्षेत्र में करीब 15 से 20 दिन पहले अधिकांश किसानों ने खुर्रा बोनी का कार्य पूरा कर लिया है।  कुछ दिनों पहले हुई हल्की बारिश के बाद खेतों में पड़े धान के बीज अंकुरित होकर करीब डेढ़ इंच तक बढ़ चुके हैं। ऐसे समय में मंगलवार सुबह लगभग 30 मिनट तक हुई तेज बारिश किसानों के लिए राहत लेकर आई।

बारिश इतनी अच्छी रही कि खेतों में नमी बढ़ गई और अंकुरित धान की फसल को बढ़वार के लिए अनुकूल वातावरण मिल गया है।

       बड़े साजापाली से लगे करीब 5 किलोमीटर के व्यास क्षेत्र में बारिश का अच्छा प्रभाव देखने को मिला। किसानों का कहना है कि समय पर हुई इस बारिश से धान की फसल को काफी फायदा मिलेगा। हालांकि बारिश का असर पूरे क्षेत्र में समान नहीं रहा। बड़े साजापाली से 5 किलोमीटर आगे जमदरहा क्षेत्र की ओर जाते-जाते बारिश की मात्रा धीरे-धीरे कम होती गई।

       जिला समेत क्षेत्र के कई गांवों में पर्याप्त बारिश नहीं होने से किसान अभी भी आसमान की ओर टकटकी लगाए हुए हैं। खंड वर्षा के कारण कारण कुछ किसानों के खेतों में नमी पहुंची है,जबकि कुछ क्षेत्रों के खेत अब भी सूखे नजर आ रहे हैं। बसना विकास खंड के अधिकांश हिस्सों में बारिश की कमी के कारण खेती का काम लगभग 20 दिन तक पिछडऩे की चिंता किसानों को सता रही है।


अन्य पोस्ट