महासमुन्द
महासमुंद, 29 जून। विकासखंड के अंतर्गत ग्राम पंचायत किसड़ी में 25 जून को सरपंच के विरुद्ध लाया गया अविश्वास प्रस्ताव आवश्यक समर्थन नहीं मिलने के कारण असफल हो गया। इसके साथ ही वर्तमान सरपंच नीलमणि रात्रे मुन्ना अपने पद पर बरकरार हैं। अविश्वास प्रस्ताव विफल होने के बाद समर्थकों और ग्रामीणों में खुशी का माहौल देखा गया। सरपंच नीलमणि रात्रे ने कहा कि यह अविश्वास प्रस्ताव गांव के विकास कार्यों को बाधित करने की कोशिश थी, जिसे पंचायत प्रतिनिधियों ने अस्वीकार कर दिया। उनके अनुसार पंचायत में विकास कार्य पूर्व की तरह जारी रहेंगे।
स्थानीय ग्रामीण मनोज कुमार का कहना है कि गांव के कुछ लोग पंचायत के कार्यों में लगातार बाधा उत्पन्न करने का प्रयास कर रहे हैं। उनका आरोप है कि लोकतांत्रिक तरीके से चुने गए जनप्रतिनिधियों को अस्थिर करने और विकास कार्यों को प्रभावित करने की मंशा से यह कदम उठाया गया। ग्रामीणों ने यह भी दावा किया कि पूर्व कार्यकाल में भी अविश्वास प्रस्ताव के माध्यम से सरपंच को हटाया गया था और इस बार भी वैसी ही कोशिश की गई, लेकिन प्रस्ताव सफल नहीं हो सका। कुछ ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत चुनाव में पराजित होने के बाद अविश्वास प्रस्ताव के माध्यम से सत्ता हासिल करने का प्रयास किया गया। जिसे पंचायत प्रतिनिधियों ने स्वीकार नहीं किया। सरपंच नीलमणि रात्रे ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ लोग सत्ता और संगठन का नाम लेकर व्यक्तिगत रंजिश साधने का प्रयास कर रहे हैं। जिससे राजनीतिक दल की छवि भी प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि गांव के विकास और जनहित के कार्य आगे भी निरंतर जारी रहेंगे। अविश्वास प्रस्ताव खारिज होने के बाद समर्थकों और कई ग्रामीणों ने इसे लोकतांत्रिक प्रक्रिया की जीत बताते हुए पंचायत में विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद जताई।