ई-चालान का हाल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 2 जुलाई। महासमुंद यातायात पुलिस की ओर से एक कार चालक को हेलमेट नहीं पहनने पर 500 रुपए जुर्माना हुआ है। ऐसा पुलिस की तीसरी आंख सीसीकैमरे की वजह से हो रही है।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों और आम लोगों में भी अब ई-चालान को लेकर रोष पनपने लगा है। हालांकि एडिशनल एसपी प्रतिभा पांडेय ने कहा है कि यदि किसी का गलत चालान हुआ हो, तो वाहन का रजिस्ट्रेशन दिखाकर तत्काल चालान रद्द कराया जा सकता है। इसके लिए दफ्तरों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं है। जानकारी के अनुसार पिछले सप्ताह ऐसा मामला सामने आया, जिसमें एक कार चालक को हेलमेट नहीं पहनने के कारण 500 रुपए का चालान भेजा गया। चालान मैसेज में साफ तौर पर लिखा था कार चालक का 500 रुपए का चालान काटा गया है, हेलमेट न लगाने के कारण।
ज्ञात हो कि महासमुंद जिले में पिछले 5 माह के अंदर करीब 224 सडक़ दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। इनमें 132 की असमय मौत हुई है। अधिकांश मौतें एनएच और ग्रामीण संपर्क मार्गों पर हुई हैं।
लोगों का कहना है कि महासमुंद शहर के बीचों-बीच राष्ट्रीय राजमार्ग-353 गुजरता है। जिसके कारण भारी वाहनों का शहर के भीतर से आना-जाना चौबीसों घंटे लगा रहता है। इससे दुर्घटना का खतरा भी लगातार बना रहता है। लोगों का कहना है कि दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में व्यवस्था मजबूत करने या इन दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए ठोस पहल करने के बजाय पुलिस हेलमेट चालानी कार्रवाई पर अधिक जोर दे रही है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष व खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव का इस मामले में कहना है कि पाइलट प्रोजेक्ट के कारण चालान हो रहे हैं, पर पुलिस को चाहिए कि पहले लोगों को जागरूक करें। इसकी शुरूआत स्कूल-कॉलेजों से हों और जल्दबाजी में इस तरह की कार्रवाई न हो।
नगर के वरिष्ठ नागरिक व छत्तीसगढ़ किसान मजदूर संघ के संयोजक ललित चंद्रनाहू का कहना है कि लोगों को जागरूक करने के बजाए विभाग वसूली कर रहा है। रेड सिग्नल जंप करने और बिना हेलमेट कैमरे के रिकार्डिंग के बावजूद विभागीय लोगों पर कार्रवाई नहीं की जाती। जनता को बेवजह परेशान किया जा रहा है। वैसे अब यातायात पुलिस का कोई औचित्य नहीं रह गया है। डॉ. रश्मि चंद्राकर पूर्व जिलाध्यक्ष कांग्रेस पार्टी का कहना है कि शहर के अंदर हेलमेट की अनिवार्यता शिथिल की जाए। पूरी कार्रवाई केवल और केवल वसूली के लिए हो रही है। विभाग जनजागरुकता बजाए वसूली पर ध्यान दे रहा है।
अंकित बागबाहरा कांग्रेस नेता का कहना है कि शहरी क्षेत्रों में हेलमेट से कुछ ढील देनी चाहिए। हाईवे पर प्रतिदिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, इसलिए यह कार्रवाई हाईवे में कड़ाई से की जानी चाहिए। शराब पीकर वाहन चलाने से रोकने के अलावा हाईवे में शहरी क्षेत्र के 2 किलोमीटर में वाहनों की रफ्तार कम करने प्रयास करने चाहिए ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सके। वैसे भी शहर में सडक़ दुर्घटनाएं कम ही होती हैं, जबकि हाईवे में प्रतिदिन दर्जनों दुर्घटनाएं हो रही हैं।
महासमुंद के पूर्व विधायक डॉ.विमल चोपड़ा ने कहा कि बाइक चालकों के हेलमेट न लगाने पर शहर के अंदर कार्रवाई नहीं होनी चाहिए। इस तरह की कार्रवाई हाईवे में की जानी चाहिए,जहां ज्यादातर दुर्घटनाएं होती हैं। महासमुंद में बाईपास के लिए जनप्रतिनिधियोंं को लडऩा चाहिए। इसके लिए बकायदा जन अभियान चलाया जाना चाहिए।
जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष अनिल शर्मा ने कहा कि शहर के अंदर रफ्तार पर नियंत्रण नहीं है। सडक़ों पर गड्ढे ही गड्ढे हैं। सडक़ नहीं बनवा सकते, इसलिए शहर के अंदर और बाहर हेलमेट पहनकर जान बचाने की जरूरत है।
जिला चेम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष शंभू साहू और व्यवसायी राजेंद्र मेहता ने कहा कि शहर के अंदर हेलमेट की अनिवार्यता जनता के साथ ज्यादती है। इसे स्वैच्छिक किया जाना चाहिए। सडक़ों की दशा सुधारने, बाईपास के लिए जरूरी कदम उठाना चाहिए।
पूर्व पार्षद पंकज साहू ने कहा कि नगर में एक किमी के अंदर ही शासकीय कार्यालयों के अलावा बाजार,स्कूल सहित बसावट है, जिसमें नागरिकों को बार-बार घर से हाइवे की ओर आना जाना लगा रहता है। बार-बार हेलमेट लगाकर जाना संभव नहीं है। नगर क्षेत्र से बाहर हेलमेट के नियम को अनिवार्य किया जाना चाहिए। महासमुंद में एक अलग ही निगम-कानून चल रहा है। यहां नगर क्षेत्र के बाहर नहीं, अपितु सिटी के अंदर ही हेलमेट नियम लागू कर दिया गया है। एक ही व्यक्ति को कई बार 500-500 रुपए का चालान भेजा जा रहा है।
महासमुंद एडिशनल एसपी प्रतिभा पांडेय ने कहा कि विगत कुछ दिनों से एआई जनरेटेड चालान हो रहे हैं। बगैर सीट बेल्ट कार चलाने के भी चालान हो रहे हैं। यदि किसी का गलत चालान हुआ हो, तो वाहन का रजिस्ट्रेशन दिखाकर तत्काल चालान रद्द कराया जा सकता है। इसके लिए चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं है।