महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 30 जून। खल्लारी थाना क्षेत्र के ग्राम झारा में हुए भारती टंडन हत्याकांड में पुलिस के खुलासे पर मृतका के परिजनों और सतनामी समाज ने असंतोष व्यक्त किया है। प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज के पदाधिकारियों ने जिला अध्यक्ष विजय बंजारे के नेतृत्व में महासमुंद एसपी प्रभात कुमार से मुलाकात कर एक ज्ञापन सौंपा और मामले की सूक्ष्म जांच कराने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल और परिजनों ने पुलिस की वर्तमान थ्योरी पर संदेह जताते हुए एसपी के समक्ष कई बिंदु रखे हैं। परिजनों का कहना है कि परिस्थितियों को देखते हुए रात के अंधेरे में एक अकेले नाबालिग द्वारा इतनी क्रूरता से घटना को अंजाम देना और साक्ष्य मिटाने के लिए शव को दूर ले जाकर रेत में दफनाना मुमकिन नहीं लगता। इसमें एक से अधिक लोगों की संलिप्तता की आशंका है।
परिजनों के अनुसार, घटना की रात नाबालिग आरोपी के पिता ने दावा किया था कि उनका बेटा स्वास्थ्य खराब होने (पेचिश) के कारण पूरी रात उनके साथ ही था। ऐसे विरोधाभासी बयानों के कारण परिजन पुलिस के खुलासे से असंतुष्ट हैं।
मृतका के शरीर पर आए चोट के निशानों (सिर पर छह इंच का गहरा घाव, जांघों पर जख्म) के आधार पर परिजनों का अनुमान है कि हमला पत्थर से नहीं बल्कि किसी रॉड जैसी वस्तु से किया गया है। सिर कुचलने के लिए मौके पर कोई बड़ा पत्थर भी नहीं मिला और सूखे नाले में पत्थर धोने की बात संदेहास्पद लगती है।
परिजनों ने आशंका जताई है कि भारती की हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई होगी और शव को किसी वाहन से लाकर वहां दफनाया गया होगा। उनका कहना है कि मौके पर वाहनों के टायर के निशान मिले हैं, जबकि शव को घसीटे जाने के कोई साक्ष्य नहीं हैं। इसके अलावा मृतका का बैग और मोबाइल भी गायब हैं।
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक की भारती से पहले जान-पहचान थी और उसका घर आना-जाना था, जिसे परिजनों के मना करने पर हाल ही में बंद कर दिया गया था। घटना की रात भारती का जन्मदिन था। वह रात का काम निपटाकर अपने कमरे में सोई थी। रात करीब 3 बजे जब उसकी मां जागीं, तो उन्हें आंगन में एक टॉर्च जलती हुई मिली, जिसे उन्होंने उठाकर रख दिया। सुबह उठने पर भारती घर में नहीं थी। खोजबीन के बाद परिजनों ने खल्लारी थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसके बाद भारती का शव बरामद हुआ।
परिजनों और समाज के पदाधिकारियों ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन से सभी कडिय़ों की बारीकी से जांच करने का आग्रह किया है।