महासमुन्द

अनुभव से उपजा ज्ञान ही शाश्वत सत्य-बलवान साहेब
30-Jun-2026 7:00 PM
अनुभव से उपजा ज्ञान ही शाश्वत सत्य-बलवान साहेब

कबीर जयंती पर सत्संग और भजन कार्यक्रम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 30 जून। महासमुंद के रायपुर रोड स्थित कबीर मंदिर में कबीर साहेब के प्राकट्य उत्सव अवसर पर सत्संग और भजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में कबीरपंथी, श्रद्धालु और साधु-संत शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह कबीर मंदिर के शिखर पर पारंपरिक रूप से ध्वजारोहण कर की गई। इस दौरान बलवान साहेब, मनजीत साहेब, जितेंद्र साहेब और भुवनेश्वर साहेब उपस्थित थे।

सत्संग सभा में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित ढेठा आश्रम धमतरी के संत बलवान साहेब ने संत कबीर दास की वाणियों का सार साझा किया। उन्होंने कहा कि कबीर साहब ने अपने जीवनकाल में हमेशा सामाजिक पाखंड, अंधविश्वास और कुरीतियों का कड़ा विरोध किया। कबीर साहब का पारख सिद्धांत आज के समय में भी उतना ही प्रासंगिक है। इस सिद्धांत के माध्यम से उन्होंने जनमानस को संदेश दिया था कि पहले जानो, फिर मानो।

उन्होंने कहा कि जब तक कोई व्यक्ति स्वयं किसी बात की परख नहीं कर लेता, तब तक उसे मन से स्वीकार करने में संशय और परेशानी बनी रहती है। किंतु जब वही व्यक्ति अपने अनुभवों की कसौटी पर किसी सत्य को कस लेता है,तब उसे किसी अन्य के समझाने की आवश्यकता नहीं पड़ती। अनुभव से उपजा ज्ञान ही शाश्वत सत्य है।

कार्यक्रम के अंतिम चरण में पूज्य संतों की उपस्थिति में कबीर साहेब की आरती उतारी गई। आरती के बाद कबीरपंथी समाज और नगरवासियों के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।

मौके पर आजुराम, निरंजन साहू, मुकुंद साहू, तुलसीराम साहू, नाथूराम साहू, भूषण साहू सहित कबीर पंथ से जुड़े अनेक वरिष्ठ नागरिक, समाजसेवी उपस्थित थे। सत्संग के दौरान भुवनेश्वर साहब ने कबीर भजनों की प्रस्तुति दी।


अन्य पोस्ट