महासमुन्द

शाला प्रबंधन समिति पुनर्गठन: भाजपा नेता ने सीएम और राष्ट्रीय अध्यक्ष को लिखा पत्र
30-Jun-2026 7:02 PM
शाला प्रबंधन समिति पुनर्गठन: भाजपा नेता ने सीएम और राष्ट्रीय अध्यक्ष को लिखा पत्र

पिथौरा, 30 जून। प्रदेश शासन द्वारा शाला प्रबंधन समितियों (एसएमसी) के नियमों में बदलाव के बाद स्थानीय स्तर पर राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। राज्य शासन के नए आदेश के अनुसार, अब प्राथमिक से लेकर हाई स्कूलों तक की प्रबंधन समितियों में केवल वहां अध्ययनरत बच्चों के पालकों को ही शामिल किया जाएगा। इस नए नियम के लागू होने से पूर्व में नियुक्त कई भाजपा कार्यकर्ताओं को समितियों से हटना पड़ रहा है, जिसका भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा विरोध किया जा रहा है। इस विषय को लेकर पिथौरा विकासखंड के भाजपा नेता प्यारी लाल नायक ने मुख्यमंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष को एक पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने ध्यानाकर्षण कराते हुए कहा है कि शासन के इस निर्णय से कार्यकर्ताओं में असंतोष की स्थिति है और वे इसे अपने सम्मान से जोडक़र देख रहे हैं।

श्री नायक ने आरोप लगाया है कि इस प्रक्रिया के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ताओं के स्थान पर कांग्रेस से जुड़े लोगों को अवसर मिल रहा है, जो अपनी पार्टी के हित में सक्रिय हो सकते हैं। उन्होंने मांग की है कि स्थानीय स्तर के इन पदों पर भाजपा कार्यकर्ताओं की नियुक्तियों को प्राथमिकता दी जाए।


अन्य पोस्ट