विधायक ने भवन निर्माण के लिए 15 लाख की घोषणा की
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 31 मार्च। परिक्षेत्र साहू समाज पिपरौद एवं ग्रामीण साहू समाज बजरंगपुर के संयुक्त तत्वाधान में ग्राम बजरंगपुर में 29 मार्च रविवार को भक्तमाता कर्मा जयंती, भूमिपूजन एवं प्रतिभावान छात्र सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें समाजजनों की बड़ी संख्या में सहभागिता रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ परिक्षेत्र अध्यक्ष पारसमणी साहू, भीखम साहू एवं अन्य पदाधिकारियों द्वारा भक्तमाता कर्मा की पूजा-अर्चना, आरती एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। चार दिनों से चल रहे कर्मा रथ का परिक्षेत्र के विभिन्न गांवों में भ्रमण के बाद बजरंगपुर में गली-भ्रमण एवं कलश यात्रा के साथ समापन हुआ।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में अभनपुर विधायक इन्द्रकुमार साहू शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व मंत्री चन्द्रशेखर साहू ने की। विशिष्ट अतिथियों में जनपद पंचायत उपाध्यक्ष खेलुराम साहू, अभनपुर तहसील साहू संघ अध्यक्ष तुलेश कुमार साहू, जनपद सभापति ब्रम्हानंद साहू, जनपद सदस्य कुंती लखन साहू एवं पिपरौद सरपंच दुलेश्वरी भीखम साहू उपस्थित थे।
कार्यक्रम के दौरान विधिवत भूमि पूजन किया गया तथा समाज के 24 प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। मुख्य अतिथि विधायक इन्द्रकुमार साहू ने अपने संबोधन में कहा कि भक्तमाता कर्मा की जयंती समाज में एकता, सेवा और संस्कारों को सुदृढ़ करने की प्रेरणा देती है। उन्होंने शिक्षा को समाज की प्रगति का सबसे मजबूत माध्यम बताते हुए विद्यार्थियों के सम्मान को सराहनीय पहल बताया।
उन्होंने कर्मा रथ के माध्यम से समाज में जनजागरूकता और आस्था के प्रसार की सराहना करते हुए परिक्षेत्र साहू समाज पिपरौद के भवन निर्माण हेतु 15 लाख रुपये की घोषणा भी की। साथ ही राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी साझा की। समारोह में सांस्कृतिक रंग भी देखने को मिला, जहां छत्तीसगढ़ी लोक कला मंच के कलाकारों ने मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिसका उपस्थित लोगों ने भरपूर आनंद लिया। इस दौरान समाजजनों ने कर्मा माता मंदिर निर्माण हेतु स्वेच्छा से दान राशि देने की घोषणा भी की।
कार्यक्रम का सफल संचालन शिव साहू गुरुजी ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन परिक्षेत्र अध्यक्ष पारसमणी साहू ने व्यक्त किया। आयोजन को सफल बनाने में समाज के पदाधिकारियों एवं ग्रामीणों का विशेष योगदान रहा।
इस अवसर पर चंद्रिका साहू, हेमंत साहू, भूमिका साहू, शिव साहू, भोज देवी, किशन साहू, प्रवीण साहू, डागेश्वर साहू, देवक साहू, सूरज साहू, गोपाल साहू, रामजी साहू, देवा साहू, जोगी साहू, संतोष साहू, ओमनारायण साहू, उमेश साहू, डीहु राम, हीरा राम साहू, तिजउ राम, चेतन साहू, द्विज साहू, थनेन्द्र साहू, कुंती साहू, बिमला साहू, सावित्री साहू, मोहन मानिकपन, अर्जुन साहू, बीरबल साहू सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग एवं ग्रामवासी उपस्थित थे।