गरियाबंद

पीएम श्री हरिहर विद्यालय में एआई पर जागरूकता सेमिनार
02-Feb-2026 3:50 PM
पीएम श्री हरिहर विद्यालय में एआई पर जागरूकता सेमिनार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नवापारा राजिम, 2 फरवरी। गोबरा नवापारा स्थित पीएम श्री हरिहर उत्कृष्ट विद्यालय में कृत्रिम बुद्धिमत्ता विषय पर एक ज्ञानवर्धक सेमिनार का आयोजन किया गया।

यह सेमिनार अमेय दामले के द्वारा प्रस्तुत किया गया, जिसमें विद्यार्थियों को एआई की आधुनिक दुनिया से परिचित कराया गया। इस अवसर पर संस्था प्रमुख प्राचार्य फाखरा खानम दानी की गरिमामयी उपस्थिति रही। साथ ही विद्यालय के शिक्षकगण  चंद्रकांत धनकर एवं आरती तिवारी तथा कक्षा 11वीं एवं 12वीं के विद्यार्थी सेमिनार में उपस्थित रहे।

सेमिनार के दौरान अमेय दामले ने एआई का सरल एवं प्रभावी परिचय देते हुए इसके विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि एआई क्या है, इसके प्रमुख फायदे क्या हैं और किस प्रकार विद्यार्थी अपनी पढ़ाई को सरल, रोचक एवं प्रभावी बनाने के लिए एआई का उपयोग कर सकते हैं। साथ ही दैनिक जीवन में एआई के उपयोग से जुड़ी जानकारी भी दी गई। इसके अतिरिक्त एआई के संभावित नुकसानों और इसके गलत उपयोग पर भी चर्चा की गई, जिससे विद्यार्थियों में तकनीक के प्रति जिम्मेदार और सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित हो सके।

सेमिनार की विशेषता यह रही कि विद्यार्थियों को प्रैक्टिकल के माध्यम से एआई के उपयोग को भी समझाया गया, जिससे विषय को समझना और भी आसान हो गया। कार्यक्रम के अंत में संस्था प्रमुख प्राचार्य ने अमेय दामले का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आज के तेजी से बदलते तकनीकी युग में विद्यालय स्तर पर विद्यार्थियों को एआई के बारे में जानकारी देना एक सराहनीय और दूरदर्शी पहल है। इससे विद्यार्थियों को भविष्य में शिक्षा एवं करियर दोनों क्षेत्रों में अत्यधिक लाभ मिलेगा। यह सेमिनार विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक एवं भविष्य उन्मुख सिद्ध होगा।


अन्य पोस्ट