‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भाटापारा, 16 अप्रैल। विधायक इन्द्र साव के समक्ष भाटापारा स्थित कांग्रेस भवन में एनएसयूआई जिला महासचिव हितेश साहू के नेतृत्व में राजीव गाँधी महाविद्यालय सिमगा के चालीस छात्र-छात्राओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।
इस अवसर पर विधायक ने सभी विद्यार्थियों को कांग्रेस का गमछा पहनाकर आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का इतिहास देशहित, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के संघर्ष से जुड़ा रहा है। युवाओं का पार्टी के प्रति बढ़ता विश्वास इस बात का संकेत है कि सच्चाई और जनसेवा की राजनीति को समाज में पुन: समर्थन मिल रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को आश्वस्त किया कि उनकी प्रत्येक समस्या को वे अपनी समस्या मानकर समाधान हेतु सतत प्रयास करेंगे।
विधायक प्रतिनिधि शैली भाटिया ने नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का स्वागत करते हुए कहा कि आप सभी युवाओं के जुडऩे से कांग्रेस संगठन को नई मजबूती मिलेगी। सिमगा ही नहीं, पूरे विधानसभा क्षेत्र में पार्टी और अधिक सशक्त होगी तथा आगामी चुनाव में आप सभी की महती भूमिका कांग्रेस को पुन: विजय दिलाने में निर्णायक सिद्ध होगी।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दिवाकर मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस का इतिहास त्याग, तपस्या और बलिदान की प्रेरणादायी परंपरा से जुड़ा है। युवाओं को संगठन की विचारधारा को आत्मसात करते हुए जनहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए तथा गांव-गांव और घर-घर तक पार्टी के सिद्धांतों को पहुंचाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब युवा निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करते हैं, तभी संगठन मजबूत होता है और समाज में सकारात्मक परिवर्तन संभव होता है।
पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजकुमार शर्मा ने कहा कि कांग्रेस वह ऐतिहासिक पार्टी है जिसने देश की आज़ादी की लड़ाई में अग्रणी भूमिका निभाई और राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव रखी। उन्होंने कहा कि आज देश को पुन: वैचारिक मजबूती और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा की आवश्यकता है, जिसमें युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं से आह्वान किया कि वे संगठन के प्रति समर्पित रहकर समाज में जागरूकता फैलाएं और जनसेवा को अपना लक्ष्य बनाएं।
कार्यक्रम के अंत में सभी नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं ने कांग्रेस संगठन को सशक्त बनाने तथा क्षेत्र के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेसी नेता ईश्वर सिंह ठाकुर, सत्यजीत शेंडे, दशरथ चंद्राकर,नितिन शुक्ला,किशन निर्मलकर, अनमोल शुक्ला, छात्र नेता अभिषेक शर्मा, उत्तम रावते, अमन पांडे, पप्पू देवांगन, ज्ञान, हिमांशु, तारिणी वर्मा ,भानुप्रताप साहू, संतोष नवरंगे, धनंजय कोसले, हिमांशु मिरी, पूर्व नायक, नीरा यदु, याचिका ध्रुव, नेहा ध्रुव, अंशु ध्रुव मुख्य रूप से उपस्थित थे।