‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 3 नवंबर। जगदीश मंदिर में गोवर्धन पूजन पर महाप्रभु जगन्नाथ का विशेष पूजन 2 नवंबर को हुआ। गौवंश को खिचड़ी खिलाने के बाद श्री जगदीश मंदिर में अन्नकूट खिचड़ी प्रसादी का वितरण किया गया। मंदिर में यह परंपरा 101 साल से चल रही है। इस साल 651 किलो खिचड़ी प्रसाद का वितरण हुआ।
शनिवार को दोपहर 12 बजे श्री जगदीश मंदिर में भगवान जगन्नाथ स्वामी, बलभद्र तथा बहन सुभद्रा की विशेष पूजा-अर्चना पं. बालकृष्ण महाराज व पं. गौरव शर्मा ने वैदिक मंत्र उच्चारण के साथ की। फिर भोग समर्पित कर भक्तों के लिए 651 किलो खिचड़ी प्रसादी का वितरण किया। मंदिर परिसर में प्रसाद ग्रहण करने भक्तों की भीड़ उमड़ी। ट्रस्ट द्वारा विशेष व्यवस्था श्रद्धालुओं के लिए की गई। भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा जो भक्त मंदिर परिसर में नहीं पहुंच सकते हैं उनके लिए अलग से घर तक प्रसादी पहुंचे इसके लिए पूर्व वर्षों से चली आ रही टिफिन व्यवस्था चालू रखी गई।
गोवर्धन पूजन कर गायों को खिलाई खिचड़ी
दीप पर्व के दूसरे दिन गोवर्धन पूजन का उत्सव रहा। घर के सदस्यों ने गोवंश की पूजा कर बुजुर्गों से आशीर्वाद लिया। घर के कोठा के दरवाजे के सामने प्रतीकात्मक रूप से गोबर से गोवर्धन पर्वत का निर्माण कर भगवान कृष्ण की पूजा-अर्चना की गई। सेमरी, दूर्बा, फूल को सजाकर गोवर्धन पर्वत का रूप दिया गया। विधि विधान से पूजा-अर्चना कर श्रीफल का प्रसाद बांटा गया। इसके बाद बच्चों ने आतिशबाजी भी की। खाट के ऊपर नए वस्त्र बिछाकर उस पर चावल, दाल, खीर, पूड़ी, चीला, रोटी, मिठाई को रखकर गोवंश को भोग लगाया गया। इसके बाद घर के सभी सदस्यों ने गोवंश की पूजा की। खिचड़ी प्रसादी वितरण हुआ।