धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरूद, 10 फरवरी। देश एवं प्रदेश में सत्ता गंवाने के बाद कांग्रेस पार्टी इस समय संगठन को मजबूत बनाने के काम में जुटी है। टेलेंट हंट के तर्ज पर पहले चुनावी प्रक्रिया के तहत शिर्ष पदों पर पदाधिकारियों के चयन करने के बाद विभिन्न सर्वे और रायशुमारी के बाद अब युवा कांग्रेस में उर्जावान एवं कर्मठ युवाओं को अलग अलग जिम्मेदारी दी जा रही है। इसी के तहत कुरुद विधानसभा युकां के लिए जम्बो कार्य कार्यकारिणी घोषित की गई है। जिसमें दो उपाध्यक्ष सहित सौ से अधिक युवाओं को पदाधिकारी बनाया गया है।
कुरुद विधानसभा युवा कांग्रेस के निर्वाचित अध्यक्ष देवव्रत साहू ने बताया कि छग प्रदेश युवा कांग्रेस प्रभारी अमित पठानिया, सहप्रभारी डॉ. मोनिका मांडरे एवं प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा के निर्देश पर जिला प्रभारी उमेश डोंगरे, जिला सहप्रभारी आसिफ़ ख़ान एवं जिलाध्यक्ष नरेंद्र सोनवानी की सहमति से युवा संगठन को मजबूती प्रदान करने के लिए मुझे तत्काल प्रभाव से क़ुरूद विधानसभा युवा कांग्रेस संगठन की कार्यकारिणी विस्तार करके जिम्मेदारी सौंपी गई। जिसके तहत विधानसभा उपाध्यक्ष के तौर पर भारत भूषण साहू एवं गुरुदेव महिपाल की नियुक्ति की गई है।
मिडिया प्रभारी की जिम्मेदारी सुरेश साहू को एवं तुकेश साहू को प्रभारी महासचिव सहित अन्य दायित्व सौंपा गया है। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्र में कांग्रेस का झंडा बुलंद करने वाले उर्जावान 47 युवाओं की ताजपोशी विधानसभा महासचिव पद पर की गई है। इसी तरह युवा संगठन में 62 नौजवानों की तैनाती विधानसभा महासचिव के पद पर की गई है। नव नियुक्त पदाधिकारियों की सूची जारी करते हुए युकां अध्यक्ष श्री साहू ने कहा कि
मुझे पूरा विश्वास है कि नई टीम के सभी युवा साथी इस महत्वपूर्ण भूमिका और जिम्मेदारी के प्रति पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे और कुरूद विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी को मजबूती प्रदान करने में अपनी भूमिका निभायेंगे तथा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े एवं जननायक राहुल गांधी के दूरदर्शी और ऊर्जावान नेतृत्व में संगठन को मजबूत एवं सशक्त बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देंगे। धमतरी कांग्रेस जिला अध्यक्ष तारणी नीलम चन्द्राकर ने युकां अध्यक्ष देवव्रत साहू सहित उनकी नवनियुक्त टीम को बधाई देते हुए कहा कि हमारे नेता राहुल गाँधी ने कहा कि मौजूदा सरकार देश को गर्त में ले जाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रही है, संवैधानिक संस्थाएं दबाव में आकर अपनी भूमिका ठीक से नहीं निभा रही है, सदन में विपक्ष की आवाज का गला घोटा जा रहा है, ऐसे में व्यवस्था बदलने का जिम्मा युवा वर्ग को ही उठाना होगा। मुझे उम्मीद है कि युवा कांग्रेस के साथी इस मुहिम को आगे बढ़ाने का काम करेंगे।


