धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 13 फरवरी। परिजन के यहां से शोक कार्यक्रम में शामिल होकर वापस कुरुद लौट रहे कार चालक को ज्योति राइस मिल टर्निंग के पास तेज रफ्तार हाइवा ने ठोकर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना की खबर से नगर में शोक की लहर दौड़ गई। युवा वर्ग ने रेत परिवहन में लगी हाइवा और पीडब्ल्यूडी के लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग उठाई है।
घटना गुरुवार शाम की है, जब युवा भाजपा नेता भारत भूषण राजपूत गाड़ाडीह से अपनी वेगनआर क्रमांक सीजी-04-जेडबी-3200 से कुरूद अपने घर वापस आ रहे थे। तभी कुरूद के ब्लैक स्पाट ज्योति राईस मील टर्निंग के पास सुर्य नमस्कार चौक की ओर से आ रही हाईवा क्रमांक सीजी-05-एएल-9584 के चालक ने उनकी कार को सामने से ठोकर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के सामने का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक के सिर, सीने, चेहरा, हाथ पैर में गंभीर चोट आई, जिससे उनकी मौत हो गई।
सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यक्रमों में बढ़-चढक़र हिस्सा लेने वाले युवा भारत ठाकुर की मौत की खबर लगते ही भाजपा नेता एवं युवा साथी देर रात तक अस्पताल में डटे रहे। उन्हीं में से कुछ का कहना था कि कुरुद में दमदार नेता होने के बावजूद यहाँ की सडक़ों का बुरा हाल है, बाईपास रोड की लहरों में फंसकर राहगीर रोज गिर पड़ रहे हैं। जिस जगह पर कल हादसा हुआ, वहाँ पहले भी कई दुर्घटना हो चुकी है। पुलिस ने उस मोड़ को ब्लैक स्पाट के रूप में चिन्हित किया है, इसके बावजूद सुधार का कोई जतन नहीं किया गया।
नगरवासियों का कहना है कि क्षेत्र में दिन रात रेत भरी हाइवा रफ्तार से दौड़ रही है। जिसके चलते आए दिन सडक़ हादसे हो रहे हैं, सडक़ों के दोनों किनारे रेत बिखरी रहती है, जिसमें फिसलकर कई बाईक सवार अपने हाथ पांव तुड़वा चुके हैं। लेकिन नेता, लोक निर्माण, पुलिस विभाग को इससे कोई फर्क नहीं पड़ रहा है। जिससे व्यवस्था के प्रति लोगों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। बहरहाल, आशीष पवार की रिपोर्ट पर हाईवा चालक के खिलाफ कुरूद थाना में 184-एलकेएस, 106(1)-बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है।


