धमतरी

मुस्लिम वेलफेयर फाउंडेशन ने किया उत्कृष्ट कार्यों का सम्मान
18-Feb-2026 6:52 PM
मुस्लिम वेलफेयर फाउंडेशन ने किया उत्कृष्ट कार्यों का सम्मान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 18 फरवरी।
ऑल मुस्लिम वेलफेयर फाउंडेशन की वार्षिक बैठक में शिक्षा, संस्कार, मानवता की सेवा, सामूहिक विवाह जैसे पूरे वर्ष चलने वाले कार्यक्रम की समीक्षा कर इसमें और गति लाने का फैसला किया गया।

पूर्व में  फाउंडेशन द्वारा किए गए सभी कार्यों की समीक्षा तथा आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा कर कुछ महत्वपूर्ण बदलाव एवं निर्णय सर्वसम्मति से पारित किए गए।
द सीड्स स्कूल शास्त्री बाजार रायपुर में प्रदेश, संभाग एवं जिला पदाधिकारियों की मौजूदगी में हुई बैठक में प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद सिराज द्वारा प्रस्तावना प्रस्तुत की गई। जिसमें कुछ बदलाव एवं निर्णय सर्वसम्मति से पारित किए गए। जिसमें फाउंडेशन के वर्तमान लोगो में लिखे धार्मिक शब्द को बदलकर ‘खिदमत’ किया जाएगा, ताकि किसी भी प्रकार की बेअदबी से बचा जा सके।बिलासपुर संभाग के रायगढ़ में प्रति वर्ष होने वाले भव्य इज्तेमाई निकाह को इस वर्ष अक्टूबर माह में इज्तेमाई निकाह (सामूहिक विवाह) रायपुर में आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा हर जिले में ईद मिलन, कलम का लंगर, नन्हे रोज़ेदार का सम्मान जैसे कार्यक्रमों को समयबद्ध एवं अनिवार्य रूप से आयोजित किया जाएगा। साथ ही जिला मजलिस-ए-शुरा का गठन हर जिले में अनिवार्य रूप से किया जाएगा।

बैठक में तय किया गया कि खिदमत-ए-खल्क़ (मानवता की सेवा) के उद्देश्य से फाउंडेशन हर जिले में अन्य तंजीमों, मस्जिदों, दरगाहों आदि को निशर्त सहयोग प्रदान करेगी। फाउंडेशन के राष्ट्रीय स्तर पर विस्तार को लेकर नीति-नियमों पर चर्चा की गई तथा पहले से चल रहे खिदमती कार्यों को निरंतर जारी रखने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा साल भर होने वाले खिदमत (मानव सेवा) के कार्यो में प्रदेश, संभाग एवं जिला स्तर पर निस्वार्थ भाव से खिदमत दे रहे पदाधिकारियों को शॉल एवं मोमेंटो देकर बेस्ट खिदमतगार के रूप में सम्मानित किया गया।
इस बैठक में अधिवक्ता फैसल रिजवी, सलाम रिजवी, सोहेल सेठी, मखमूर इकबाल, इरफान भाई, सिराज भाई, वसीम अहमद, जुबैर भाई, असलम अशरफी, मो. मुजाहिद, आसिफ अली, सलामत अशरफी, मो. मुस्तकि़म आदि शामिल हुए।
 


अन्य पोस्ट