धमतरी

कांग्रेस जिलाध्यक्षों ने दिल्ली में सीखे संगठनात्मक राजनीति के गुर
11-Feb-2026 4:26 PM
कांग्रेस जिलाध्यक्षों ने दिल्ली में सीखे संगठनात्मक राजनीति के गुर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 11 फरवरी। संगठन सृजन अभियान के तहत अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा इंदिरा भवन नई दिल्ली में आयोजित जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर में धमतरी जिला अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर की सक्रिय सहभागिता रही। दिल्ली से लौटकर उन्होंने देश भर से आए जिलाध्यक्षों के साथ हासिल राजनीतिक प्रशिक्षण के बारे में विस्तार से बताया।  धमतरी जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर ने बताया कि इस महत्वपूर्ण एक दिवसीय प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत, सक्रिय और जनोन्मुखी बनाना था। इस दौरान संगठन की संरचना, कार्यप्रणाली, जनसंपर्क, बूथ मैनेजमेंट, कार्यकर्ताओं की भूमिका और जनता की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं प्रशिक्षकों ने जिला अध्यक्षों को संगठन विस्तार, अनुशासन, समन्वय और चुनावी रणनीति से जुड़े महत्वपूर्ण गुर सिखाए। प्रशिक्षण में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के बीच रहकर उनकी आवाज बने और जनसमस्याओं को संगठनात्मक मजबूती के साथ शासन-प्रशासन तक पहुँचाएं। धमतरी जिला अध्यक्ष श्रीमती चंद्राकर ने कहा कि संगठन सृजन अभियान कांग्रेस के लिए एक नई ऊर्जा और दिशा देने वाला कदम है। बूथ स्तर पर संगठन जितना मजबूत होगा, कांग्रेस उतनी ही मजबूती के साथ जनता की लड़ाई लड़ सकेगी।

उन्होंने कहा कि दिल्ली के प्रशिक्षण से मिले मार्गदर्शन को अपने जिले में लागू कर संगठन को और अधिक सक्रिय व सशक्त बनाया जाएगा। शिविर में देशभर से आए जिला अध्यक्षों ने अपने अनुभव साझा कर संगठनात्मक चुनौतियों पर विचार-विमर्श किया। बहरहाल शिविर के माध्यम से कांग्रेस नेतृत्व ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि पार्टी जमीनी स्तर पर संगठन को पुनर्गठित कर जनता से सीधा संवाद स्थापित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। कांग्रेस का यह संगठन सृजन अभियान आगामी समय में पार्टी को बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक मजबूत आधार प्रदान करेगी और आम जनता की आवाज को और अधिक प्रभावी ढंग से उठाने में सहायक सिद्ध होगी।


अन्य पोस्ट