‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 17 अक्टूबर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि रायपुर दक्षिण का उपचुनाव हमारे लिए चुनौती है। सामने वालों को कमजोर नहीं मानना चाहिए। हालांकि यह सीट भाजपा की ही है। सांसद बृजमोहन अग्रवाल,लगातार आठ बार विजयी रहे हैं। 2023 में तो वे 65 हजार के रिकॉर्ड मतों से जीते थे। उपचुनाव में यह रिकॉर्ड भी पार कर लेंगे।
साय अपने दोनों डिप्टी सीएम के साथ स्पेशल प्लेन से चंडीगढ़ रवाना हुए। सीएम साय ने कहा, हरियाणा में आज नायब सिंह सैनी मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह में हम शामिल होने जा रहे हैं। शपथ ग्रहण के बाद प्रधानमंत्री के साथ बैठक भी है।
प्रत्याशी की घोषणा कभी भी- जायसवाल
रायपुर दक्षिण विधानसभा उपचुनाव के प्रभारी स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि अधिसूचना कल जारी हो रही है। भाजपा प्रत्याशी की घोषणा परसों भी हो सकती है, या दो दिन बाद भी। इसे देखते हुए वे विधानसभा क्षेत्र के सभी भाजपा मंडलों में कार्यकर्ताओं की बैठक लेंगे। इससे पहले बुधवार शाम शहर भाजपा की बैठक एकात्म परिसर में हुई। इसमें टिकट के सभी दावेदार मौजूद रहे।
प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने मंडल, शक्ति केंद्र एवं बूथ स्तर की जानकारी ली एवं बैठक में आए सभी लोगों का मार्गदर्शन किया। स्वास्थ्य मंत्री और उपचुनाव के संयोजक श्यामबिहारी जायसवाल ने भी उपचुनाव में एक बार फिर भाजपा की रिकॉर्ड मतों से जीत सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
आज की बैठक में भाजपा संभाग प्रभारी सौरभ सिंह, पूर्व सांसद सुनील सोनी, दक्षिण विधानसभा प्रभारी विजय केसरवानी जिला अध्यक्ष जयंती पटेल ,महामंत्री रमेश सिंह ठाकुर, सत्यम दुवा , मोहन एंटी, अकबर अली, मीडिया सह प्रभारी अनुराग अग्रवाल,सच्चिदानंद उपासने, सुभाष तिवारी, जेपी शर्मा मिर्जा एजाज बाग मीनल चौबे सरिता वर्मा, सरिता दुबे, मनोज वर्मा मंडल अध्यक्ष महेश शर्मा मुकेश पंजवानी सालिक ठाकुर प्रवीण दौवड़ा उपस्थित थे।

जांगिड़ पहुंचे, दक्षिण के पार्षदों के साथ बैठक
कांग्रेस के सह प्रभारी विजय जांगिड़ आज रायपुर पहुंचने के बाद राजीव भवन में बैठक ली। पहली बैठक रायपुर दक्षिण के पार्षदों की बैठक ली। इस क्षेत्र के 20 वार्डों में कांग्रेस के 8 पार्षद हैं। इनमें महापौर एजाज ढेबर भी शामिल हैं। बैठक में वे भी मौजूद रहे। इसमे पीसीसी चीफ दीपक बैज नहीं है। बस्तर से रवाना हुए हैं। उनके स्थान पर महासचिव प्रशासन मलकीत सिंह मौजूद रहे। बैठक की शुरूआत में जांगिड़ ने किसी से दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के वार्डों, और पार्षदों की संख्या के बारे में प्रश्न किया। इस पर जवाब नहीं मिलने पर जांगिड़ ने उनसे कहा-आप भी तो उसी विधानसभा क्षेत्र के निवासी हैं? इससे पहले जांगिड़ ने मीडिया से कहा सभी नेता पदाधिकारियों से चर्चा के बाद कांग्रेस मजबूत चेहरा देगी। हम जीतने के लिए चुनाव लड़ेंगे। कांग्रेस नया इतिहास रचेगी, और भाजपा का इतिहास टूटेगा।