बेमेतरा
प्रधानमंत्री के आगमन तैयारियों पर चर्चा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 30 अक्टूबर। भाजपा की वरिष्ठ नेत्री एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रज्ञा निर्वाणी ने आज प्रदेश भाजपा के प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन से प्रदेश भाजपा कार्यालय में सौजन्य भेंट की। यह मुलाकात आगामी राज्योत्सव समारोह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के छत्तीसगढ़ आगमन की तैयारियों के संदर्भ में हुई।
भेंट के दौरान महामंत्री यशवंत जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए प्रदेशभर से महिलाओं की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने जिले के संगठनात्मक ढांचे, महिला मोर्चा की भूमिका और जनसंपर्क गतिविधियों पर भी विस्तार से चर्चा की। जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व में नए युग का निर्माण कर रहा है, और छत्तीसगढ़ की महिलाएँ इस परिवर्तन यात्रा की मजबूत आधारशिला हैं।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ फिल्म बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष राजेश अवस्थी की धर्मपत्नी प्रसन्ना अवस्थी भी उपस्थित रहीं। उन्होंने कहा कि महिला शक्ति समाज के हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही है, और भाजपा के प्रयासों से यह शक्ति राष्ट्र निर्माण की धारा में नई ऊँचाइयां प्राप्त करेगी। पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रज्ञा निर्वाणी ने महामंत्री यशवंत जैन को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनके मार्गदर्शन के लिए आभार प्रकट किया और कहा कि भाजपा महिला मोर्चा की ऊर्जावान प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी के निर्देशानुसार महिला जिला अध्यक्ष ललिता साहू की अगुवाई में प्रधानमंत्री के आगमन के अवसर पर बेमेतरा जिले से महिलाओं का विशाल दल रायपुर पहुंचेगा, जो मातृशक्ति की सामूहिक उपस्थिति का अद्भुत दृश्य प्रस्तुत करेगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश भाजपा की मंत्री संध्या परगनिहा भी ग्रामीण महिला कार्यकर्ताओं से स्वयं संपर्क कर कार्यक्रम में महिलाओं की उपस्थिति सुनिश्चित करने लगातार संपर्क बनाये हुए है।


