बलरामपुर
संग्रहकों के पांव पखार कर किया सम्मान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर, 13 मई। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में तेंदूपत्ता खरीदी सत्र वर्ष 2026 की शुरुआत सोमवार से हो गई। राजपुर वन परिक्षेत्र के विभिन्न संग्रहण फड़ों में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ तेंदूपत्ता खरीदी कार्य प्रारंभ किया गया। इस अवसर पर तेंदूपत्ता संग्रहकों का पारंपरिक तरीके से पांव पखार कर सम्मान भी किया गया।
प्रथम दिवस पर प्रबंधक सुरेश सोनी, जिला यूनियन अध्यक्ष लालसाय मिंज एवं फड़ मुंशियों की मौजूदगी में संग्रहण केंद्रों में पूजा-पाठ कर खरीदी शुरू की गई। कार्यक्रम के दौरान तेंदूपत्ता संग्रहकों के सम्मान में उनके पैर धोकर स्वागत किया गया, जिससे ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
अधिकारियों ने बताया कि वन उपज संग्रहण में तेंदूपत्ता का विशेष महत्व है और इसे ग्रामीण क्षेत्रों में एक उत्सव की तरह मनाया जाता है। बड़ी संख्या में ग्रामीण परिवार तेंदूपत्ता संग्रहण कार्य से जुड़े हुए हैं और यह उनके जीवनयापन का प्रमुख साधन भी है।
जिला यूनियन अध्यक्ष लालसाय मिंज एवं प्रबंधक सुरेश सोनी ने संयुक्त रूप से कहा कि ग्रामीणों का तेंदूपत्ता सीजन से गहरा जुड़ाव है। कई परिवार शादी-विवाह और अन्य सामाजिक कार्यक्रमों की योजना भी तेंदूपत्ता सीजन समाप्त होने के बाद ही बनाते हैं।
उन्होंने संग्रहकों से अच्छी गुणवत्ता के पत्ते फड़ों में लाने की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक संग्रहक कम से कम 500 गड्डी तेंदूपत्ता विक्रय करने का प्रयास करे, ताकि उन्हें शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ मिल सके।0


