बलरामपुर
रामानुजगंज, 5 मई। प्रांतीय अतिथि शिक्षक (विद्यामितान) संघ, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर जिले में अतिथि शिक्षकों के वेतन भुगतान में हो रही देरी एवं अन्य समस्याओं से अवगत कराया है। संघ ने आरोप लगाया है कि जिला शिक्षा अधिकारी के कारण शिक्षकों को कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में बताया गया है कि अतिथि शिक्षकों का दो माह का वेतन अब तक लंबित है। साथ ही, वेतन भुगतान के लिए पुराने अभिलेख एवं उपस्थिति पत्रक की मांग कर अनावश्यक रूप से प्रक्रिया को जटिल बनाया जा रहा है, जिससे भुगतान में और देरी हो रही है।
संघ के अनुसार, जिला शिक्षाधिकारी के नए आदेश के तहत वेतन जिला स्तर से देने की बात कही गई है, जिसके लिए सभी शिक्षकों का वेतन पत्रक जिला कार्यालय में जमा करना मुश्किल हो गया है क्योंकि विद्यालयों में अभी ग्रीष्मकालीन अवकाश शुरू हो गया है। वेतन के आसरे में जिले में कार्यरत अधिकतर अतिथि शिक्षक अपने अपने घर चले गए हैं जो जिले से बाहर के निवासी हैं। इसके बावजूद मार्च और अप्रैल माह का भुगतान अभी तक नहीं किया गया है। इसके अलावा, पिछले पांच वर्षों के पुराने अभिलेखों की मांग को भी अव्यवहारिक बताया गया है।
संघ का कहना है कि इससे शिक्षकों को अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है और वेतन भुगतान टालने का प्रयास किया जा रहा है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि कुछ मामलों में अनियमितताओं की आशंका जताई जा रही है। एक प्रकरण में विकासखंड वाड्रफनगर के एक अतिथि शिक्षक से जांच के दौरान 20 हजार रुपये की मांग किए जाने का आरोप लगाया गया है।
संघ ने यह भी बताया कि जिले में कई अतिथि शिक्षक अन्य जिलों से आकर किराये पर रहकर सेवाएं दे रहे हैं। वेतन नहीं मिलने के कारण उन्हें आर्थिक एवं मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
संघ ने कलेक्टर से मांग की है कि अतिथि शिक्षकों की समस्याओं का शीघ्र निराकरण कर लंबित वेतन का भुगतान जल्द से जल्द सुनिश्चित किया जाए।


