बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलरामपुर, 11 मई। बरियों चौकी क्षेत्र में शासकीय योजना के तहत नहर निर्माण एवं सब्सिडी दिलाने का झांसा देकर एक किसान से साढ़े पांच लाख रुपये की ठगी करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने उत्तरप्रदेश से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पल्सर मोटरसाइकल भी बरामद की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी प्रेम साय ग्राम बादा, चौकी बरियों ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 7 अप्रैल को दो व्यक्ति पल्सर मोटरसाइकिल से उसके घर पहुंचे और शासकीय योजना के तहत सब्सिडी में खेत मरम्मत एवं नहर निर्माण कराने की बात कही। आरोपियों ने खेत का निरीक्षण किया और अगले दिन जेसीबी लगाकर नहर निर्माण कार्य शुरू कर दिया।
इस दौरान आरोपियों ने खुद को मुंशी, मैनेजर और अधिकारी बताते हुए प्रार्थी का विश्वास जीता। बाद में टेंडर पास कराने और सब्सिडी दिलाने के नाम पर 5 लाख 50 हजार रुपये जमा करने की बात कही। किसान को अंबिकापुर स्थित सेंट्रल बैंक ले जाकर चेक के माध्यम से राशि निकलवाई गई और आरोपी रकम लेकर फरार हो गए। बाद में उनके मोबाइल नंबर भी बंद हो गए तथा जेसीबी मशीन भी मौके से गायब मिली।
प्रार्थी की शिकायत पर चौकी बरियों में धारा 318(2), 318(4), 61(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
विवेचना के दौरान साइबर सेल की मदद से आरोपियों की तलाश कर पुलिस टीम को फतेहपुर, जिला बाराबंकी (उत्तरप्रदेश) भेजा गया, जहां से पुलिस ने आरोपी अंजूर खान, अमीन खान, मंजूर खान सभी निवासी उत्तरप्रदेश को गिरफ्तार किया।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपराध करना स्वीकार किया है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को 11 मई को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।


