बलरामपुर

लक्ष्य शिक्षण संस्थान के 23 छात्रों का नवोदय विद्यालय में चयन, सम्मान समारोह आयोजित
05-May-2026 9:28 PM
लक्ष्य शिक्षण संस्थान के 23 छात्रों का नवोदय विद्यालय में चयन, सम्मान समारोह आयोजित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजपुर/शंकरगढ़, 5 मई। क्षेत्र के लक्ष्य शिक्षण संस्थान के विद्यार्थियों ने एक बार फिर प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सफलता का परचम लहराया है। वर्ष 2026 में संस्थान के कुल 23 विद्यार्थियों का चयन जवाहर नवोदय विद्यालय में हुआ है। इससे पहले प्रथम चयन सूची में 20 तथा द्वितीय चयन सूची में 3 विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की।

द्वितीय चयन सूची में प्रथम अग्रवाल, कृष्ण गुप्ता एवं प्रवीण कुमार ने बाजी मारते हुए नवोदय विद्यालय में प्रवेश पाया। इस उपलब्धि पर लक्ष्य शिक्षण संस्थान द्वारा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें सभी चयनित विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल एवं गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शंकरगढ़ थाना के उपनिरीक्षक बसंत कुमार एक्का एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व प्राचार्य डीडी भगत, नीरज यादव सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे। संस्थान के संचालक सुदर्शन यादव ने सभी अतिथियों का स्वागत कर सम्मान किया।

मुख्य अतिथि बसंत कुमार एक्का ने अपने संबोधन में संस्थान की सराहना करते हुए कहा कि यहां विद्यार्थियों को सुबह 5:30 बजे से रात 10 बजे तक अनुशासित एवं समर्पित वातावरण में नि:शुल्क प्रशिक्षण दिया जाता है, जो इस क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत और अनुशासन बनाए रखने की सलाह दी।

विशिष्ट अतिथि नीरज यादव ने संस्थान के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे शिक्षक क्षेत्र के बच्चों का उज्ज्वल भविष्य गढ़ रहे हैं। वहीं, डीडी भगत ने विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति निरंतर प्रयासरत रहने और माता-पिता का सम्मान करने की सीख दी।

संस्थान के संचालक सुदर्शन यादव ने बताया कि इस वर्ष 23 विद्यार्थियों ने नवोदय विद्यालय, 21 विद्यार्थियों ने सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा में सफलता प्राप्त की है। साथ ही 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा में संस्थान का परिणाम 100 प्रतिशत रहा, जिसमें अधिकांश विद्यार्थियों ने 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए और अधिकतम 96.5 प्रतिशत अंक हासिल किए।

कार्यक्रम में शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट