बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रामानुजगंज, 5 मई। बलरामपुर-रामानुजगंज जिला के सरहदी क्षेत्र झारखंड के रंका थाना क्षेत्र अंतर्गत गोदरमाना में मंगलवार देर रात एक भीषण आगजनी की घटना में ‘यूनिक ड्रेस’ नामक कपड़ा दुकान पूरी तरह जलकर राख हो गई। आग लगने से दुकान में रखा लगभग 10 लाख रुपए का सामान नष्ट हो गया, वहीं काउंटर में रखे करीब 40 हजार रुपए नगद भी जल गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रात करीब 11.30 बजे मकान मालिक के घर में खाना बनाते समय कुकर में विस्फोट हो गया। विस्फोट के बाद गैस सिलेंडर गिरने से उसमें भी ब्लास्ट हो गया, जिससे आग ने विकराल रूप ले लिया। आग की लपटें पास स्थित बंद कपड़ा दुकान तक पहुंच गईं और देखते ही देखते पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया।
धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकले और बंद दुकान से उठती आग व धुएं को देखकर तत्काल दुकानदार करण कश्यप को सूचना दी। साथ ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन को भी अवगत कराया गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन अत्यधिक गर्मी के कारण दुकान के पास जाना मुश्किल हो रहा था और ताला भी नहीं तोड़ा जा सका।
इसके बाद रामानुजगंज नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल को सूचना दी गई, जिनके प्रयास से दमकल वाहन मौके पर पहुंचा। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक दुकान पूरी तरह जल चुकी थी।
दुकानदार करण कश्यप ने बताया कि उन्होंने करीब चार महीने पहले किराए पर दुकान शुरू की थी, जिसके लिए 5 लाख रुपए समूह से और 10 लाख रुपए रिश्तेदारों से कर्ज लिया था। आगजनी से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। गौरतलब है कि इसी क्षेत्र में 10 मार्च 2025 को एक पटाखा दुकान में हुए भीषण विस्फोट में दो सगे भाइयों समेत पांच लोगों की मौत हो गई थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाएं क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं।


