बलरामपुर
15 दिन में अतिक्रमण हटाने का आश्वासन मिलने पर मोहित राम ने जताई संतुष्टि
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 10 मई। ‘छत्तीसगढ़’में प्रमुखता से प्रसारित खबर का असर अब दिखाई देने लगा है। ग्राम अर्जुनी निवासी मोहितराम वर्मा के जमीन विवाद मामले में जिला प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रशासन के अनुसार, कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने मामले का संज्ञान लेते हुए एसडीएम को जांच और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
जारी जानकारी के मुताबिक, एसडीएम बलौदाबाजार को दस्तावेजों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है। इसके बाद राजस्व विभाग की टीम ने मामले में प्रक्रिया शुरू कर दी है।
मोहितराम वर्मा का कहना है कि वे लंबे समय से अपनी पुश्तैनी जमीन से अतिक्रमण हटाने की मांग कर रहे थे। उनके अनुसार, मामला तहसीलदार न्यायालय, जिला न्यायालय और छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट तक पहुंचा था, जहां उनके पक्ष में निर्णय दिया गया था। इसके बावजूद जमीन से अतिक्रमण नहीं हटाया गया था।
मोहितराम वर्मा ने बताया कि 7 मई को उन्होंने प्रशासन को आवेदन दिया था। उनका कहना है कि प्रशासन ने 15 दिनों के भीतर जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने का आश्वासन दिया है, जिससे उन्हें राहत मिली है।
एसडीएम प्रकाश कोरी ने बताया कि कलेक्टर कार्यालय में प्रस्तुत आवेदन में ग्राम अर्जुनी स्थित खसरा नंबर 183, रकबा 0.615 हेक्टेयर भूमि से कब्जा हटाने की मांग की गई थी। उन्होंने कहा कि दस्तावेजों की जांच और राजस्व संबंधी प्रक्रिया नियमानुसार आगे बढ़ाई जा रही है।


