बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रामानुजगंज, 9 मई। थाना रघुनाथनगर पुलिस ने वाहन चेकिंग अभियान के दौरान अवैध रूप से बीयर परिवहन करते हुए चार युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई में कुल 44 किंगफिशर कैन बीयर एवं दो मोटरसाइकिल जब्त की हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर 8 मई को थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान शाम करीब 5 बजे ग्राम केसारी की ओर से आ रही एक होंडा एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल पुलिस चेकिंग देखकर भागने लगी। पुलिस टीम ने पीछा कर बाइक को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम श्याम कार्तिक कुशवाहा तथा मनीष साहू दोनों निवासी ग्राम सारन बताया। तलाशी के दौरान बाइक में रखी सफेद बोरी से 24 किंगफिशर कैन बीयर बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 3360 रुपए बताई गई।
इसी अभियान के दौरान शाम करीब 7 बजे ग्राम केसारी की ओर से आ रही एक अन्य होंडा एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल भी पुलिस को देखकर भागने लगी। पुलिस ने पीछा कर वाहन को रोकते हुए चालक रविंद्र कुमार साहू सरना तथा पीछे बैठे रामप्यारे साहू सारन को पकड़ा। तलाशी में मोटरसाइकिल से 20 नग किंगफिशर केन बीयर बरामद हुई, जिसकी कीमत लगभग 2800 रुपए बताई गई।
दोनों मामलों में आरोपियों से बीयर परिवहन के संबंध में पूछताछ की गई, लेकिन वे कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने 44 किंगफिशर कैन बीयर एवं दोनों मोटरसाइकिल जब्त कर थाना रघुनाथनगर में धारा 34(2) आबकारी एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया। चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।


