बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलरामपुर, 11 मई। चौकी बरियों पुलिस ने मवेशी तस्करी मामले में लंबे समय से फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी पर झारखंड के तस्करों के साथ मिलकर मवेशियों को बुचडख़ाने भेजने की साजिश में शामिल होने का आरोप है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार चौकी बरियों में अपराध क्रमांक 111/25 के तहत छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(1)घ के तहत मामला दर्ज किया गया था।
घटना 20 मई 2025 की है, जब मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम आरा के कुछ लोग झारखंड के मवेशी तस्करों के साथ मिलकर मवेशियों को बुचडख़ाने ले जाने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर चौकी प्रभारी बरियों द्वारा पुलिस टीम के साथ ग्राम आरा सरनापारा स्थित गागर नदी किनारे जंगल क्षेत्र में दबिश दी गई। वहां एक सफेद रंग की पिकअप वाहन क्रमांक जेएच-03-एएम-4025 में कुछ लोग मवेशियों को लोड कर रहे थे।
पुलिस को देखकर तस्कर वाहन छोडक़र फरार हो गए। जांच के दौरान पिकअप वाहन में 4 नग मवेशी मिले, जिनके चारों पैर और मुंह क्रूरता पूर्वक बांधे गए थे। पुलिस ने मौके पर वाहन एवं मवेशियों को जब्त कर कार्रवाई की थी।
विवेचना के दौरान पुलिस ने पूर्व में आरोपी पिकअप चालक तहकीक अंसारी, वाहन स्वामी त्रिवेणी प्रजापति तथा आबिद अंसारी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया था।
प्रकरण में संलिप्त अन्य आरोपी जलाल साह ग्राम आरा, चौकी बरियों, थाना राजपुर की लगातार तलाश की जा रही थी। इसी दौरान 10 मई को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी ग्राम कोरंधा में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी उप निरीक्षक किरणेश्वर प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।-
'


