बलरामपुर
ग्रामीणों ने रखीं सडक़, पानी और स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर, 7 मई। जनपद पंचायत राजपुर अंतर्गत ग्राम कोटडीह में गुरुवार को ‘सुशासन तिहार 2026’ के तहत जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उद्देश्वरी पैकरा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
शिविर में भेण्डरी, तोनी, पकराड़ी, कोटडीह, कोदौरा, करमडीहा और सेमराकठरा ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों को एक ही स्थान पर अपनी समस्याएं रखने और समाधान प्राप्त करने का अवसर मिला। शासन की योजनाओं की जानकारी देने के साथ विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को वन भूमि पट्टा, राशन कार्ड, कृषि बीज, कीटनाशक दवाइयां समेत अन्य सामग्रियों का वितरण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विधायक उद्देश्वरी पैकरा ने पांच महिलाओं की गोद भराई और पांच बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया। साथ ही स्वागत करने वाली मंडली को नगद राशि देकर सम्मानित किया। इसके बाद उन्होंने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण भी किया।
जनपद पंचायत अध्यक्ष विनय भगत ने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में अधिकारियों की सीधी पहुंच सुनिश्चित हुई है, जिससे लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है। वहीं जनपद उपाध्यक्ष आकाश अग्रवाल ने ग्रामीणों से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ लेने की अपील की।
शिविर में कुल 138 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 133 मांग और 5 शिकायतों से संबंधित आवेदन शामिल रहे। अधिकांश आवेदन राजस्व विभाग से जुड़े थे। ग्रामीणों ने सीमांकन, बंटवारा, नल-जल योजना, मिट्टी सडक़ निर्माण, वृद्धा पेंशन, हैंडपंप स्थापना, चेक डेम निर्माण, विद्युत विस्तार, सूअर पालन योजना और नलकूप खनन जैसी मांगें रखीं। इसके अलावा ग्राम कोटडीह में उप स्वास्थ्य केंद्र खोलने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई।
जनपद अध्यक्ष विनय भगत ने ग्राम कोटडीह के लोहारपारा में एक सप्ताह के भीतर बोर खनन कराने की घोषणा की। शिविर में कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि शेष मामलों को जिला और राज्य स्तर पर भेजने की बात कही गई।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सेक्टर में 821 नए हितग्राहियों के नाम जोड़े जाने की जानकारी भी दी गई।
विभागवार प्राप्त आवेदनों में राजस्व विभाग के 57, वन विभाग के 4 तथा कृषि विभाग के 2 आवेदन शामिल रहे। वहीं सात पंचायतों के ग्रामीणों ने भेण्डरी क्षेत्र में पशु चिकित्सालय खोलने की मांग भी प्रशासन के सामने रखी।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य रवि प्रताप मराबी, एसडीएम देवेंद्र प्रधान, जनपद सीईओ संजय दुबे समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सरपंच और सचिव मौजूद रहे।-


