बलरामपुर

अवैध पेड़ कटाई, 8 पर वन अपराध दर्ज
13-May-2026 10:18 PM
अवैध पेड़ कटाई, 8 पर वन अपराध दर्ज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजपुर, 13 मई। बलरामपुर जिले के राजपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत अधिसूचित चिलमा वनखण्ड में बड़े पैमाने पर अवैध पेड़ कटाई का मामला सामने आया है। वन विभाग ने आठ आरोपियों के खिलाफ वन अपराध प्रकरण दर्ज किया है। यह कार्रवाई वनमण्डलाधिकारी आलोक कुमार वाजपेयी के निर्देशन में की गई।

जानकारी के अनुसार राजपुर वन परिक्षेत्र के चिलमा वनखण्ड के कक्ष क्रमांक आरएफ 2734 एवं आरएफ 2735 में कुछ ग्रामीणों द्वारा अवैध रूप से वन क्षेत्र की सफाई कर बड़ी संख्या में बाल वृक्षों की कटाई की गई थी। मामले की सूचना मिलने पर एसडीओ आर.एस. लाल श्रीवास्तव, वनपरिक्षेत्राधिकारी अजय वर्मा, पुलिस बल एवं ग्रामीणों की मौजूदगी में मौके पर जांच की गई।

जांच के दौरान साल, साजा, करमी, धावड़ा तथा करौंदा मिश्रित प्रजाति के कुल 536 बाल वृक्ष कटे हुए पाए गए, जिन्हें काटकर मौके पर ही छोड़ दिया गया था। वन विभाग ने मामले में हरेन्दर कुशवाहा, रामलाल, अलबीस बड़ा, रंजीत बड़ा, सुरेन्द्र, रबीन्द्र, मीराज एवं केन्दा सहित अन्य ग्रामीणों को आरोपी बनाया है। सभी आरोपी ग्राम चिलमाकला, झींगाडांड़, परसागुड़ी, भदरापारा एवं आसपास के क्षेत्रों के निवासी बताए जा रहे हैं।

वन विभाग द्वारा 11 मई को चिलमा एवं परसागुड़ी के सैकड़ों ग्रामीणों की उपस्थिति में मौका पंचनामा तैयार किया गया तथा कटाई-सफाई में शामिल आरोपियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई प्रारंभ की गई।

विभाग ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 26 (1) क, च एवं ज तथा लोक संपत्ति नुकसानी निवारण अधिनियम की धारा 3 (1) के तहत अपराध दर्ज किया है। अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों को शीघ्र न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।

वन विभाग का कहना है कि संरक्षित वन क्षेत्रों में अवैध कटाई किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।


अन्य पोस्ट