बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर, 16 मार्च। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह ठाकुर के जन्मदिन के उपलक्ष्य में किसान मोर्चा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं द्वारा विभिन्न सामाजिक एवं सेवा कार्यों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जनसेवा को प्राथमिकता देते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों के बीच फल वितरण किया गया।
भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष मुन्नालाल चौधरी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम के तहत सर्वप्रथम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर पहुंचकर मरीजों को फल वितरित किए गए। इसके बाद बढ़ती गर्मी और चिलचिलाती धूप को देखते हुए गांव से आए किसानों का सम्मान करते हुए उन्हें छाते वितरित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किसान मोर्चा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कस्तूरबा आवासीय छात्रावास का भी दौरा किया। वहां अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को पढ़ाई के लिए आवश्यक सामग्री (किट) प्रदान की गई।
इस अवसर पर किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष मुन्नालाल चौधरी, मंडल अध्यक्ष जगवंशी यादव, किसान मोर्चा उपाध्यक्ष गोपाल साहू, किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष सुनील गुप्ता और मंडल महामंत्री बालेश्वर यादव सहित कई वरिष्ठ किसान और पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह ठाकुर के स्वस्थ एवं सुदीर्घ जीवन की कामना की।


