बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रामानुजगंज,14 मई। स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में शासन के निर्देशानुसार प्रवेश हेतु लॉटरी कार्यक्रम शांतिपूर्ण, व्यवस्थित एवं पारदर्शी वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावकों की उपस्थिति रही, जिन्होंने पूरे अनुशासन एवं उत्साह के साथ सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत रामचंद्रपुर, नगर पालिका अधिकारी रामानुजगंज एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी रामचंद्रपुर विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों की मौजूदगी में शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूर्ण पारदर्शिता के साथ लॉटरी प्रक्रिया कराई गई।इस दौरान अतिथियों ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा के प्रति जागरूक एवं सहयोगी बने रहने का आह्वान किया।
विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने अपने संबोधन में नवप्रवेशित विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा कि यह प्रवेश केवल विद्यालय में नामांकन नहीं, बल्कि बच्चों के सुनहरे भविष्य की मजबूत नींव है। उन्होंने विद्यार्थियों को मन लगाकर अध्ययन करने और जीवन में ऊंचाइयों तक पहुंचने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय परिवार के शिक्षक एवं कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विद्यालय की टीम भावना, अनुशासन एवं समर्पण के कारण पूरा आयोजन सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
अभिभावकों ने विद्यालय द्वारा अपनाई गई पारदर्शी प्रक्रिया की सराहना करते हुए संतोष व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह, विश्वास और सकारात्मक माहौल देखने को मिला। विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य करते रहने का संकल्प दोहराया।


