बलरामपुर

राजपुर में नाली की ऊंचाई कम करने की पहल तेज
15-May-2026 10:29 PM
राजपुर में नाली की ऊंचाई कम करने की पहल तेज

सांसद ने एनएच अफसरों संग किया निरीक्षण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजपुर,15 मई। नगर में निर्माणाधीन नाली और सडक़ की ऊंचाई को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद के बीच अब समाधान की उम्मीद नजर आने लगी है। गुरुवार देर शाम सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने एनएच और दिल्ली परिवहन विभाग के अधिकारियों के साथ नगर का पैदल निरीक्षण कर नाली की ऊंचाई कम करने पर गंभीर चर्चा की।

नगरवासियों की लगातार शिकायतों और विरोध को देखते हुए सांसद चिंतामणि महाराज शाम करीब पांच बजे राजपुर पहुंचे। वे व्यवहार न्यायालय परिसर के पास वाहन से उतरकर सबसे पहले न्यायालय परिसर का निरीक्षण किया। परिसर में फैली गंदगी पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने राजपुर सीएमओ को तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

इसके बाद सांसद अकेले ही पैदल निर्माणाधीन नाली और सडक़ का निरीक्षण करने निकल पड़े। उन्होंने तहसील कार्यालय तक पैदल पहुंचकर नाली निर्माण कार्य का बारीकी से जायजा लिया। बाद में दिल्ली परिवहन विभाग से आए अधिकारी पूरन सिंह, एनएच के ईई नितेश ताम्रकर, एसडीओ निखिल लकड़ा तथा ठेकेदार के कर्मचारियों के साथ नाली और सडक़ की ऊंचाई को लेकर विस्तृत चर्चा की।

निरीक्षण के दौरान सांसद ने अधिकारियों के साथ तहसील कार्यालय से नगर पंचायत कार्यालय तक पैदल भ्रमण किया। इस दौरान वे कई स्थानों पर रुके और नाली की ऊंचाई, घरों से पानी निकासी की स्थिति तथा आवागमन में हो रही परेशानियों का मौके पर अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को स्थानीय समस्याओं से अवगत कराते हुए समाधान निकालने के निर्देश दिए।

सांसद ने नगर के मध्य स्थित पुराने पोस्ट ऑफिस के पास बनी नाली का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि नगरवासियों की परेशानियों को ध्यान में रखते हुए नाली की ऊंचाई यथासंभव कम की जाए तथा गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य सुनिश्चित किया जाए।

निरीक्षण के अंत में नगरवासियों ने दिल्ली से आए अधिकारियों को नाली की ऊंचाई कम कराने की मांग को लेकर ज्ञापन भी सौंपा।

इस दौरान सामरी विधायक उद्धेश्वरी पैकरा,पूर्व विधायक डॉ. प्रीतम राम,पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेंद्र तिवारी सहित बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट