बलरामपुर

तेज रफ्तार रेत लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर, मनरेगा तकनीकी सहायक की मौत
16-May-2026 11:58 PM
तेज रफ्तार रेत लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर, मनरेगा तकनीकी सहायक की मौत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजपुर, 16 मई। बलरामपुर जिले के राजपुर विकासखंड में अवैध रेत परिवहन एक बार फिर सवालों के घेरे में है। शुक्रवार दोपहर चाची-बदौली मुख्य मार्ग स्थित कुन्दीकला में तेज रफ्तार रेत लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से जनपद पंचायत राजपुर में पदस्थ मनरेगा तकनीकी सहायक की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक के साथ-साथ लोगों में भारी आक्रोश भी देखा गया। स्थानीय ग्रामीणों ने अवैध रेत परिवहन और प्रशासनिक उदासीनता को हादसे का प्रमुख कारण बताया है।

जानकारी के अनुसार गांधीनगर अंबिकापुर निवासी आशुतोष गुप्ता पिता अस्थीलाल गुप्ता (30 वर्ष) राजपुर जनपद पंचायत में मनरेगा तकनीकी सहायक के पद पर कार्यरत थे। शुक्रवार को वे अपने दोपहिया वाहन से ग्राम ढकवा, करजी और उधवाकठरा पंचायतों में प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्यों का निरीक्षण करने जा रहे थे। इसी दौरान कुन्दीकला स्थित किसान सेवा केंद्र के पास सामने से आ रहे रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रैक्टर महान नदी से अवैध रूप से रेत लेकर सिधमा गांव की ओर जा रहा था। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर भी सिधमा गांव का ही था। हादसा इतना भीषण था कि आशुतोष गुप्ता गंभीर रूप से घायल होकर सडक़ पर गिर पड़े।

घटना के समय मौके से गुजर रहे शंकरगढ़ एसडीएम अनमोल टोप्पो ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को अपनी गाड़ी से जिला अस्पताल अंबिकापुर पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।


अन्य पोस्ट