बलरामपुर

ससुर पर जानलेवा हमला, आरोपी बहू गिरफ्तार
02-Feb-2026 8:28 PM
ससुर पर जानलेवा हमला, आरोपी बहू गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलरामपुर-रामानुजगंज,2 फरवरी। बसंतपुर पुलिस ने ससुर पर जानलेवा हमला करने के आरोप में बहू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक फरवरी को प्रार्थिया शलजा अगरिया पिता रामनरेश अगरिया, बसंतपुर (अगरियापारा) ने थाना बसंतपुर में लिखित आवेदन प्रस्तुत किया। आवेदन में बताया गया कि 31 जनवरी की शाम करीब 6 बजे उसके पिता रामनरेश काम से घर लौटे थे। घर पर उन्होंने अपनी बहू पार्वती के एक वर्षीय पुत्र सिद्धार्थ को गोद में लेकर खेलाना शुरू किया। खेलाने के दौरान बच्चे के साथ गिरने जैसी स्थिति बनने पर पार्वती गुस्से में आ गई और रामनरेश के साथ गाली-गलौज करते हुए लात से मारपीट करने लगी।

कुछ समय बाद पार्वती का पति संदीप अगरिया काम से घर पहुंचा और उसने पार्वती को अपने पिता के साथ दुव्र्यवहार करने पर डांटा। इसके बाद पार्वती घर से बाहर चली गई। रात करीब 8 बजे वह वापस लौटी और परछी में सो रहे रामनरेश पर चूल्हे में जल रही सरई की लकड़ी उठाकर हमला कर दिया। आरोपी ने रामनरेश के सिर पर चार-पांच बार वार किए, जिससे उनके सिर में गंभीर चोटें आईं।

प्रार्थिया के आवेदन पर थाना बसंतपुर में धारा 109 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। पुलिस द्वारा आरोपी पार्वती बसंतपुर (अगरियापारा) को तलब कर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना जुर्म स्वीकार किया। इसके बाद 1 फरवरी को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।


अन्य पोस्ट