सरगुजा

नहर की भूमि पर रातों-रात कब्जा होने की शिकायत, 7 मकान ढहाये
03-Aug-2021 7:53 PM
नहर की भूमि पर रातों-रात कब्जा  होने की शिकायत, 7 मकान ढहाये

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अम्बिकापुर, 3 अगस्त। पार्षद ने सरगुजा कलेक्टर को नहर की भूमि पर दीगर प्रांत से आए एक विशेष समुदाय के लोगों द्वारा रातों-रात कब्जा होने की शिकायत की थी। जिस पर कलेक्टर के निर्देश पर अधिकारियों ने मौके पर पहुंच 7 घरों के अतिक्रमण को तोड़वा दिया।

कलेक्टर संजीव कुमार झा ने मंगलवार को कलेक्टोरेट सभा कक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय सीमा की बैठक में विभागीय कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने जल संसाधन विभाग एवं थर्मल पावर के द्वारा नहर के लिए अधिग्रहित भूमि पर अतिक्रमण की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए कहा कि किसी भी सूरत में इन भूमियों पर अतिक्रमण न होने दे।

जहाँ अतिक्रमण किया गया है, उसे तत्काल मुक्त करायें। कलेक्टर के आदेश के बाद तत्काल कार्यपालन यंत्री थर्मल पावर अनिल खलखो मौके पर पहुंचकर 7 घरों के अतिक्रमण को तोड़वा दिया गया। कलेक्टर व जिला प्रशासन को त्वरित कार्रवाई के लिए पार्षद आलोक दुबे ने धन्यवाद कहा है।

गौरतलब है कि पार्षद आलोक दुबे ने सरगुजा कलेक्टर को नहर की भूमि पर दीगर प्रांत से आए एक विशेष समुदाय के लोगों द्वारा रातों-रात कब्जा होने की शिकायत की थी। शिकायत के बाद मंगलवार को टीएल मीटिंग में कलेक्टर ने संबंधित विभाग के अधिकारी को अतिक्रमण हटाने निर्देश दिए थे। कलेक्टर का निर्देश मिलते ही अधिकारियों ने मौके पर पहुंच अतिक्रमण हटा दिया।


अन्य पोस्ट