सरगुजा

रेगुलर पढ़ाई के साथ डिस्टेंस डिग्री का अवसर, इग्नू ने खोले सरगुजा में शिक्षा के नए द्वार-डॉ.गौड़ा राजेंद्र
08-Feb-2026 8:19 PM
रेगुलर पढ़ाई के साथ डिस्टेंस डिग्री का अवसर, इग्नू ने खोले सरगुजा में शिक्षा के नए द्वार-डॉ.गौड़ा राजेंद्र

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 8 फरवरी। सरगुजा जैसे आदिवासी और दूरस्थ क्षेत्र में उन लोगों के लिए शिक्षा की नई संभावनाएं खुल रही हैं, जो समय पर नियमित पढ़ाई नहीं कर पाए। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) ने सरगुजा संभाग में दूरस्थ शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए विशेष पहल शुरू की है। इस संबंध में केआर टेक्निकल कॉलेज को क्षेत्र का अध्ययन एवं परीक्षा केंद्र बनाया गया है।

इग्नू के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. गौड़ा राजेंद्र ने बताया कि वर्तमान में इग्नू के माध्यम से कुल 333 पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं, जिनमें सर्टिफिकेट, डिप्लोमा, स्नातक, स्नातकोत्तर, पीजी डिप्लोमा सहित ऑनलाइन और ऑफलाइन कोर्स शामिल हैं। इनमें पारंपरिक विषयों के साथ-साथ रोजगारोन्मुख आधुनिक पाठ्यक्रम भी उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि आने वाले छह महीनों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित टेक्नोलॉजी से जुड़े पाठ्यक्रम भी शुरू किए जाएंगे।

डॉ. राजेंद्र ने बताया कि देशभर में लगभग 33 लाख विद्यार्थी इग्नू से अध्ययन कर रहे हैं, लेकिन सरगुजा संभाग में अभी अपेक्षित जागरूकता नहीं है, जिसे देखते हुए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। इग्नू को नेक से ए++ ग्रेड और एनआईआरएफ में शीर्ष रैंकिंग प्राप्त है तथा इसकी अध्ययन सामग्री की गुणवत्ता उच्च स्तर की मानी जाती है।

उन्होंने बताया कि इग्नू की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि छात्र किसी भी नियमित महाविद्यालय में पढ़ाई करते हुए साथ ही इग्नू से दूसरी डिग्री भी प्राप्त कर सकते हैं। पीजीडीसीजे, साइबर लॉ और मास कम्युनिकेशन जैसे पाठ्यक्रम युवाओं के लिए विशेष उपयोगी हैं।

इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए कोई आयु सीमा नहीं है, जिससे किसी भी उम्र के लोग शिक्षा से जुड़ सकते हैं।

इग्नू में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री घर तक उपलब्ध कराई जाती है और केवल परीक्षा के समय केंद्र में उपस्थित होना होता है। एससी-एसटी वर्ग के ऐसे विद्यार्थी जिनकी वार्षिक आय ढाई लाख रुपये से कम है, उन्हें बीए, बीएससी और बीकॉम पाठ्यक्रमों में प्रवेश पर 50 प्रतिशत शुल्क में छूट दी जा रही है। वहीं जेल में बंद कैदियों के लिए इग्नू द्वारा नि:शुल्क शिक्षा की व्यवस्था की गई है, जिसमें परीक्षा केंद्र भी जेल परिसर के भीतर होता है।

रेगुलर के साथ डिस्टेंस डिग्री संभव - डॉ. रीनू जैन

प्रेस वार्ता के दौरान केआर टेक्निकल कॉलेज की इग्नू केंद्र समन्वयक डॉ. रीनू जैन ने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के प्रावधानों के तहत अब छात्र अपने नियमित पाठ्यक्रम के साथ-साथ डिस्टेंस मोड में भी इग्नू से पढ़ाई कर सकते हैं। इससे विद्यार्थियों को बहुआयामी ज्ञान और करियर के नए अवसर मिलेंगे।

उन्होंने प्रवेश प्रक्रिया, अध्ययन सामग्री, परीक्षा प्रणाली और रोजगारोन्मुख शिक्षा की जानकारी देते हुए इसे विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।

इस अवसर पर केआर टेक्निकल कॉलेज के शासी निकाय उपाध्यक्ष राहुल जैन, प्राचार्य रितेश वर्मा, शासी निकाय अध्यक्ष एवं इग्नू सेंटर अंबिकापुर के प्रमुख कांत दुबे सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।


अन्य पोस्ट