सरगुजा

राजीव गांधी पीजी कॉलेज की प्राध्यापिका रश्मित कौर को पीएचडी की उपाधि
07-Feb-2026 8:55 PM
राजीव गांधी पीजी कॉलेज की प्राध्यापिका रश्मित कौर को पीएचडी की उपाधि

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर,7 फरवरी। राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अंबिकापुर के वाणिज्य संकाय की प्राध्यापिका रश्मित कौर को डॉ. सी. वी. रमन विश्वविद्यालय से वाणिज्य विषय में पीएच.डी. की उपाधि प्राप्त हुई है। उनकी इस उपलब्धि से महाविद्यालय परिवार, शैक्षणिक जगत एवं जिले में हर्ष का वातावरण है।

 रश्मित कौर प्रारंभ से ही मेधावी छात्रा रही हैं। उन्होंने कक्षा 12वीं में विद्यालय में टॉपर का स्थान प्राप्त किया तथा गुरु घासीदास विश्वविद्यालय से स्नातक में वर्ष 2009 में मेरिट सूची में पाँचवाँ स्थान हासिल किया। उन्होंने एम.ए. (अंग्रेज़ी) एवं एम.ए. (अर्थशास्त्र) की उपाधियाँ भी अर्जित कीं।

वर्ष 2011 से 2017 तक उन्होंने होली क्रॉस कॉन्वेंट स्कूल में पीजीटी इकॉनॉमिक्स के रूप में सेवाएँ दीं। वर्ष 2014 में उन्होंने पीएससी सहायक प्राध्यापक परीक्षा उत्तीर्ण कर मेरिट सूची में 10वाँ स्थान प्राप्त किया और 2017 में राजीव गांधी पीजी कॉलेज में नियुक्त हुईं।

उनके 15 से अधिक शोध पत्र राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं। वे एक प्रेरणादायी वक्ता भी हैं और विभिन्न शैक्षणिक व सामाजिक कार्यक्रमों में सहभागिता करती रही हैं।

उनकी इस उपलब्धि पर महाविद्यालय प्रबंधन, प्राध्यापकगण एवं शुभचिंतकों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।


अन्य पोस्ट