सरगुजा

मास्टरमाइंड जूनियर्स स्कूल में वार्षिक खेल दिवस, बच्चों और अभिभावकों ने दिखाया उत्साह
09-Feb-2026 10:14 PM
मास्टरमाइंड जूनियर्स स्कूल में वार्षिक खेल दिवस, बच्चों और अभिभावकों ने दिखाया उत्साह

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 9 फरवरी। चोपड़ापारा स्थित मास्टरमाइंड जूनियर्स स्कूल का वार्षिक खेल दिवस स्थानीय हॉकी स्टेडियम में हर्षोल्लास और उमंग के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नर्सरी से लेकर पूर्व माध्यमिक कक्षाओं तक के विद्यार्थियों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में बढ़-चढक़र हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों के साथ-साथ अभिभावकों की सक्रिय सहभागिता ने आयोजन को और भी आकर्षक बना दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय गान के साथ हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत कर अनुशासन, एकता और टीम भावना का परिचय दिया। विद्यालय के प्राचार्य मृत्युंजय पांडेय ने खेल ध्वज फहराकर खेल दिवस का शुभारंभ किया। इस अवसर पर अतिथि संजय पांडेय, प्राचार्य एवं अभिभावकों ने मशाल प्रज्ज्वलित कर तथा गुब्बारे छोडक़र खेल गतिविधियों की औपचारिक शुरुआत की।

खेल प्रतियोगिताओं में मेंढक दौड़, बतख चाल दौड़, बोरा दौड़ सहित विभिन्न एथलेटिक गतिविधियां आयोजित की गईं। इसके अलावा गुब्बारा संतुलन, चम्मच दौड़ और कोन संतुलन जैसे मनोरंजक खेल आकर्षण का केंद्र रहे। दर्शकों और अभिभावकों की तालियों के बीच बच्चों ने उत्साह, आत्मविश्वास और खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लिया। अभिभावकों के लिए भी विशेष मनोरंजक खेल आयोजित किए गए।

प्राचार्य मृत्युंजय पांडेय ने कहा कि खेल गतिविधियां बच्चों के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेल और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से सर्वांगीण विकास के अवसर प्रदान करना है, जिससे उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित हो सके।

कार्यक्रम की अंतिम कड़ी में विद्यार्थियों ने आत्मरक्षा से जुड़े ताइक्वांडो का शानदार प्रदर्शन किया।

समापन अवसर पर वर्ष भर विभिन्न गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पदक देकर सम्मानित किया गया।

आयोजन को सफल बनाने में स्वाति वर्मा, कावेरी पाल, माधुरी सेनगुप्ता, अमन गुप्ता, नमिता साहू, सरिता त्रिपाठी, अर्चना पांडेय, खुशी, तासू ताम्रकार, लवली ताम्रकार, सीमा तिवारी, शिखा सिंह, सुजाता विश्वकर्मा,  बबीता गुप्ता, नेहा, ज्योति जयसवाल, अनुराग की भूमिका रही।


अन्य पोस्ट