सरगुजा

फायरिंग : होटल के तीन गार्ड हिरासत में, संचालक लापता
07-Feb-2026 8:55 PM
फायरिंग : होटल के तीन गार्ड हिरासत में, संचालक लापता

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर,7 फरवरी। अंबिकापुर शहर के हृदय स्थल देवीगंज रोड क्षेत्र में स्थित होटल देव के समीप शुक्रवार शाम हुई फायरिंग की पुलिस ने पुष्टि कर दी है। मामले में होटल संचालक के सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि होटल संचालक हनी सिंह पुलिस को अपने निवास पर नहीं मिले और लापता बताए जा रहे हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि होटल संचालक हनी सिंह और नवापारा निवासी चुन्नू सिंह के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। कुछ दिन पूर्व दोनों पक्षों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई थी, लेकिन किसी भी पक्ष ने लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई थी।

शुक्रवार शाम दोनों पक्षों के बीच पुन: विवाद हुआ, जिसके बाद चुन्नू सिंह और उसके साथियों द्वारा हनी सिंह का पीछा किए जाने की जानकारी सामने आई है। पीछा किए जाने के दौरान हनी सिंह देव होटल पहुंचे, जहां फायरिंग की घटना हुई। घटना के बाद चुन्नू सिंह भी फरार बताया जा रहा है।

सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले

एडिशनल एसपी अमोलक सिंह ढिल्लो ने बताया कि घटना स्थल पर गोली चलने की पुष्टि हुई है। होटल संचालक के निवास से पांच लाइसेंसी हथियार बरामद किए गए, जिन्हें वैध पाए जाने पर पुलिस ने जब्त नहीं किया। वहीं, एक एयरगन को पुलिस ने जब्त किया है। होटल परिसर एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

घटना को लेकर राजनीतिक दबाव की चर्चा भी सामने आ रही है, जिसके चलते पुलिस अधिकारी कार्रवाई एवं अन्य विवरण साझा करने से बचते नजर आए। एएसपी ने केवल इतना कहा कि प्रकरण में वैधानिक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई जारी है।


अन्य पोस्ट