सरगुजा

घुई डांडपारा में आंगनबाड़ी खोले जाने की मांग
08-Feb-2026 8:17 PM
घुई डांडपारा में आंगनबाड़ी खोले जाने की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

लखनपुर, 8 फरवरी। सरगुजा जिले के मैनपाट-लखनपुर विकासखंड की सीमा पर स्थित ग्राम डांड केसरा के घुई डांडपारा में आंगनबाड़ी केंद्र नहीं होने से ग्रामीण महिलाओं और बच्चों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों द्वारा यहां आंगनबाड़ी केंद्र खोले जाने की मांग की जा रही है।

ग्रामीणों के अनुसार घुई डांडपारा में लगभग दो दर्जन से अधिक परिवार निवास करते हैं और अधिकांश घरों में दो से तीन बच्चे हैं। आंगनबाड़ी केंद्र नहीं होने के कारण गर्भवती महिलाओं और बच्चों को लगभग 2 किलोमीटर दूर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र तक जाना पड़ता है, जिससे उन्हें समस्या होती है।

ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से आंगनबाड़ी केंद्र खोले जाने की मांग की जा रही थी। इसके बाद आंगनबाड़ी भवन निर्माण की स्वीकृति मिली और लगभग सात वर्ष पूर्व ग्राम पंचायत द्वारा भवन निर्माण के लिए नींव खुदाई का कार्य भी किया गया था। लेकिन निर्माण एजेंसी द्वारा कई वर्ष बीत जाने के बाद भी भवन निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया।

ग्रामीणों के अनुसार निर्माण कार्य प्रारंभ न होने के बावजूद लगभग 1 लाख 10 हजार रुपये की राशि का आहरण कर लिया गया। इस संबंध में शिकायत किए जाने पर जांच की गई और जांच के बाद संबंधित निर्माण एजेंसी को राशि वसूली के लिए नोटिस जारी किया गया था।

आंगनबाड़ी भवन का निर्माण न होने के कारण घुई डांडपारा के निवासियों को अब भी आंगनबाड़ी सेवाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से आंगनबाड़ी केंद्र शीघ्र शुरू कराने की मांग की है, ताकि यहां के बच्चों और महिलाओं को योजनाओं का लाभ मिल सके।

इस संबंध में परियोजना अधिकारी असीम शुक्ला ने बताया कि मौका जांच करने के बाद उच्च अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा। ग्राम सभा का प्रस्ताव मंगवाकर आंगनबाड़ी केंद्र भवन निर्माण के लिए पहल करने का प्रयास किया जाएगा।


अन्य पोस्ट