सरगुजा

आंगनबाड़ी भवन निर्माण में अनियमितता का आरोप, अधूरा भवन हुआ जर्जर, किराए के मकान में चल रहा केंद्र
09-Feb-2026 10:14 PM
आंगनबाड़ी भवन निर्माण में अनियमितता का आरोप, अधूरा भवन हुआ जर्जर, किराए के मकान में चल रहा केंद्र

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

लखनपुर, 9 फरवरी। आकांक्षी विकासखंड लखनपुर के ग्राम पंचायत डांड केसरा में आंगनबाड़ी भवन निर्माण में अनियमितता का आरोप सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि सरपंच और सचिव द्वारा निर्माण कार्य किए बिना ही लाखों रुपये की राशि का गबन किया गया, जिसके कारण भवन पूर्ण होने से पहले ही जर्जर अवस्था में पहुंच गया है।

ग्रामीणों के अनुसार वर्ष 2020 में ग्राम पंचायत द्वारा निर्माण एजेंसी के माध्यम से ढारोर पारा में आंगनबाड़ी भवन का निर्माण शुरू किया गया था, लेकिन कार्य आधा-अधूरा छोड़ दिया गया। निर्माण में कथित अनियमितताओं के चलते भवन में कई जगह दरारें आ गई हैं और वह जर्जर हो चुका है। स्थिति यह है कि भवन पूर्ण होने के बाद भी बच्चों के बैठने योग्य नहीं रहेगा।

आंगनबाड़ी भवन पूर्ण नहीं होने के कारण केंद्र का संचालन वर्तमान में किराए के मकान में किया जा रहा है, जिससे आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका और बच्चों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि अधूरे भवन का उपयोग कुछ समय तक मवेशी बांधने के लिए भी किया जाता रहा।

वर्तमान पंचायत सचिव राम गोपाल साहू के कहने पर वर्तमान सरपंच अजीत श्वेता द्वारा भवन निर्माण कार्य पुन: शुरू कराया गया था, लेकिन राशि नहीं मिलने के कारण कार्य फिर से बंद कर दिया गया।

 ग्रामीणों का आरोप है कि इस पूरे मामले में कई बार शिकायत की गई, लेकिन जांच और कार्रवाई के नाम पर केवल औपचारिकता निभाई गई और कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

ग्रामीणों ने मामले की उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।


अन्य पोस्ट