राजपथ - जनपथ

छत्तीसगढ़ की धड़कन और हलचल पर दैनिक कॉलम : राजपथ-जनपथ : सरगुजा में रेणुका की परेशानी
09-Oct-2019
 छत्तीसगढ़ की धड़कन और हलचल पर दैनिक कॉलम : राजपथ-जनपथ : सरगुजा में रेणुका की परेशानी

सरगुजा में रेणुका की परेशानी

तेज तर्रार महिला नेत्री रेणुका सिंह केन्द्र में मंत्री तो बन गई हैं, लेकिन  सरगुजा में अपनी धमक बनाने में कामयाब नहीं हो पा रही हैं। शासन-प्रशासन और आम लोगों में भी राज्य के दोनों स्थानीय मंत्री टीएस सिंहदेव और अमरजीत भगत की ही ज्यादा पूछ परख रहती है। रेणुका को अंबिकापुर के सबसे बड़े दशहरा उत्सव में भी अतिथि बनने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। जबकि दशहरा उत्सव समिति में भाजपा के लोगों का ही दबदबा है। 

समिति ने सबसे पहले अमरजीत भगत को मुख्य अतिथि बनाने का फैसला किया था। अमरजीत के पास संस्कृति विभाग भी है। और भगत ने विभागीय मद से काफी कुछ अनुदान देने का वादा भी किया था। इसके बाद रेणुका के लोगों ने उन्हें मुख्य अतिथि बनाने के लिए समिति  के सदस्यों पर दबाव बनाया। सुनते हैं कि रेणुका की तरफ से भी आयोजन के लिए कुछ करने का वादा किया गया। पर राशि अमरजीत की तरफ से मिलने वाली राशि से काफी कम थी। चूंकि केन्द्र में राज्य का प्रतिनिधित्व करने वाली इकलौती मंत्री हैं, इसलिए आयोजकों ने निराश नहीं किया। दोनों को ही दशहरा उत्सव में अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया। दोनों को बराबर का दर्जा दिया गया। 

महापौर प्रत्याशी, और मशक्कत
महापौर प्रत्याशी के चयन के लिए कांग्रेस सर्वे करा रही है। चर्चा है कि अंबिकापुर को छोड़कर बाकी जगह नए चेहरों को आगे किया जा सकता है। अंबिकापुर से मौजूदा महापौर डॉ. अजय तिर्की की टिकट तकरीबन पक्की मानी जा रही है। वजह यह है कि उन्हें लेकर कोई विवाद नहीं है, और दोनों स्थानीय मंत्री टीएस सिंहदेव और अमरजीत भगत से अच्छे संबंध हैं। मगर रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग में दावेदारों की फौज खड़ी हो गई है। यहां तीनों ही निकायों में महापौर के पद अनारक्षित हैं। ऐसे में यहां प्रत्याशी चयन में फूंक-फूंककर कदम उठाया जा रहा है। पार्टी के अंदरूनी सूत्र बता रहे हैं कि तीनों निकायों में नए चेहरों को आगे लाया जा सकता है। रायपुर में झगड़ा बढ़ा, तो विधायक को लड़ाया जा सकता है, लेकिन इसमें जीत की संभावना को ध्यान में रखा जाएगा। फिलहाल तो सर्वे रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।  ([email protected])

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news