सारंगढ़-बिलाईगढ़

एक ही दिन में दो जगह लगी आग, लाखों का नुकसान
14-Mar-2026 7:46 PM
एक ही दिन में दो जगह लगी आग, लाखों का नुकसान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सारंगढ़, 14 मार्च।  
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सारंगढ़ ब्लॉक में एक ही दिन में आगजनी की दो बड़ी घटनाओं ने क्षेत्र में हडक़ंप मचा दिया। पहली घटना कटेंली स्थित एक राइस मिल में हुई, वहीं दूसरी घटना ग्राम पंचायत दहिदा के आश्रित ग्राम नवापारा में घटी, जहां एक गरीब परिवार का सब कुछ जलकर खाक हो गया।

राइस मिल में लगी आग
सारंगढ़ शहर से 6 किमी दूर कटेली रोड पर स्थित केजरी राइस मिल में शुक्रवार  दोपहर भीषण आग लगने से हडक़ंप मच गया है। मिल परिसर में रखे हजारों क्ंिवटल धान आग की चपेट में आ गए हैं, जिससे भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

घंटों दमकल कर्मी लगातार आग पर काबू पाने की कोशिश करते रहे। शाम 5 बजे तक आग बुझी।
सूने मकान में भडक़ी आग
मिली जानकारी के अनुसार, नवापारा निवासी छाया लाल माली (पिता टेंगनू माली) के घर में कल 13 मार्च  को सुबह करीब 11 बजे अचानक भीषण आग लग गई। जिस वक्त यह हादसा हुआ, घर में कोई सदस्य मौजूद नहीं था। परिवार के लोग किसी काम से दूसरे गांव गए हुए थे और उनका बेटा खेत गया हुआ था। सूने मकान से आग की लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।
 

ग्रामीणों की मेहनत भी रही नाकाम
आग की लपटें इतनी विकराल थीं कि देखते ही देखते पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए अपने स्तर पर आग बुझाने का भरसक प्रयास किया और कड़ी मशक्कत की, लेकिन आग पर काबू पाना नामुमकिन साबित हुआ। जब तक आग बुझाई जाती, तब तक घर के अंदर रखा लाखों का सामान जलकर राख के ढेर में तब्दील हो चुका था।
घर में रखा अनाज और खाद्य सामग्री, कपड़े और बिस्तर, महत्वपूर्ण दस्तावेज और घरेलू सामान पूरी तरह से नष्ट हो गए हैं। पीडि़त परिवार अब खुले आसमान के नीचे आ गया है और उनके पास खाने-पीने तक का संकट खड़ा हो गया है।
 

प्रशासन से मदद की गुहार
हालांकि, आग लगने के स्पष्ट कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। घटना की सूचना संबंधित विभागों और प्रशासन को दे दी गई है। ग्रामीणों और पीडि़त परिवार ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि घटना का सर्वे कराकर जल्द से जल्द उचित आर्थिक सहायता राशि प्रदान की जाए।


अन्य पोस्ट