सारंगढ़-बिलाईगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सारंगढ़, 21 फरवरी। छत्तीसगढ़ क्रांतिकारी शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात कर शिक्षकों की विभिन्न मांगों संबंधी ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को जन्मदिन की बधाई एवं शुभकामनाएं भी दीं।
प्रतिनिधिमंडल में संघ के प्रदेश अध्यक्ष लैलून कुमार भारद्वाज तथा जिला प्रभारी संरक्षक एवं छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के जिला संयोजक फकीरा यादव शामिल थे।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा गणना कर पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) का लाभ देने, टीईटी की अनिवार्यता समाप्त करने, पदोन्नति में बीएड की अनिवार्यता शिथिल करने, सहायक शिक्षकों की वेतन विसंगति दूर करने, दिवंगत शिक्षकों के परिजनों के लंबित अनुकंपा प्रकरणों का निराकरण, चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा पदोन्नति में आरक्षण लागू करने सहित अन्य मांगें शामिल हैं। संघ ने सुप्रीम कोर्ट में शिक्षकों के पक्ष को प्रभावी ढंग से रखने की भी मांग की है।
इस अवसर पर सारंगढ़ क्षेत्र की पूर्व विधायक केराबाई मनहर, सतनामी विकास परिषद सारंगढ़ के अध्यक्ष बी.डी. भारद्वाज तथा अधिवक्ता रमेश अनंत भी उपस्थित रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को जन्मदिन की बधाई एवं शुभकामनाएं भी दीं। संघ के अनुसार, मुख्यमंत्री ने मांगों पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया।


