सारंगढ़-बिलाईगढ़

झारखंड के ईंट भट्टे से मुक्त कराए मजदूर सकुशल सारंगढ़ लौटे
19-Feb-2026 2:43 PM
झारखंड के ईंट भट्टे से मुक्त कराए मजदूर सकुशल सारंगढ़ लौटे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सारंगढ़, 19 फरवरी।
रोजी-रोटी की तलाश में दूसरे राज्यों में जाने वाले छत्तीसगढ़ के मजदूरों का एक समूह झारखंड से मुक्त कराकर वापस लाया गया है। जानकारी के अनुसार, सारंगढ़ जिले के विभिन्न गांवों से गए मजदूर झारखंड के गुमला जिले में एक ईंट भट्टा पर कार्यरत थे, जहां उनके साथ कथित दुव्र्यवहार और शोषण की शिकायत सामने आई।

मजदूरों ने आरोप लगाया कि तीन माह से अधिक समय से कार्य करने के दौरान उन्हें पर्याप्त सुविधाएं नहीं दी जा रही थीं। प्रोडक्शन कम होने पर गाली-गलौज और मारपीट की घटनाएं हुईं तथा परिवारों को सीमित राशन राशि दी जाती थी। बीमार होने पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध नहीं होने की भी शिकायत की गई। कुछ मजदूरों ने यह भी आरोप लगाया कि स्थानीय स्तर पर शिकायत करने के प्रयास के बाद स्थिति और बिगड़ गई।

मामले की जानकारी मिलने पर सामाजिक कार्यकर्ता सुशील अनंत ने झारखंड राज्य के  गुमला जिले के कलेक्टर  और पुलिस अधीक्षक  को ईमेल और दूरभाष के माध्यम से हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया।

बताया गया कि गुमला जिला प्रशासन और श्रम विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर मजदूरों को वहां से मुक्त कराया। इसके बाद 17 फरवरी की शाम मजदूरों को बस से छत्तीसगढ़ रवाना किया गया और 18 फरवरी की सुबह वे सारंगढ़ पहुंच गए। सभी मजदूरों के सकुशल लौटने की पुष्टि की गई है।

सामाजिक कार्यकर्ता सुशील अनंत ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि छत्तीसगढ़ के कई जिलों से हर वर्ष बड़ी संख्या में मजदूर पलायन करते हैं। उनका कहना है कि न्यूनतम मजदूरी, श्रम अधिकारों और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता है, ताकि मजदूरों को शोषण का सामना न करना पड़े।

इस मामले में संबंधित ईंट भट्टा संचालक या झारखंड प्रशासन की ओर से विस्तृत आधिकारिक बयान अभी प्राप्त नहीं हुआ है। श्रम विभाग द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जानकारी की प्रतीक्षा है।


अन्य पोस्ट