सारंगढ़-बिलाईगढ़

अमेठी में शिवाजी महाराज जयंती पर मूर्ति स्थापना व तुलजा भवानी मंदिर का भूमिपूजन
18-Feb-2026 4:18 PM
 अमेठी में शिवाजी महाराज जयंती पर मूर्ति स्थापना व तुलजा भवानी मंदिर का भूमिपूजन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सारंगढ़, 18 फरवरी। जिला मुख्यालय के समीप अमेठी गांव में मराठा समाज द्वारा अपने इष्ट देवी मंदिर के भूमिपूजन एवं छत्रपति शिवाजी महाराज की मूर्ति स्थापना का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम 19 फरवरी को शिवाजी महाराज जयंती के अवसर पर दोपहर 1 बजे आयोजित होगा।

आयोजन में सारंगढ़-बिलाईगढ़, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, सक्ती और महासमुंद जिलों से मराठा समाज के प्रतिनिधियों के शामिल होने की जानकारी दी गई है। कार्यक्रम की तैयारियां समाज के पदाधिकारियों द्वारा की जा रही हैं। अमेठी गांव में मराठा समाज की अच्छी-खासी आबादी निवास करती है।

 शिवाजी महाराज की विरासत

मराठा समाज महाराष्ट्र का एक प्रमुख समाज माना जाता है, जो अपनी वीरता, साहस और स्वाभिमान के लिए प्रसिद्ध है। 17वीं शताब्दी में छत्रपति शिवाजी महाराज ने मराठा साम्राज्य की स्थापना की थी। उनका जन्म 19 फरवरी 1630 को शिवनेरी किले में हुआ था। वे एक कुशल योद्धा, दूरदर्शी प्रशासक और प्रभावशाली नेतृत्वकर्ता के रूप में जाने जाते हैं। उनकी विरासत आज भी समाज को प्रेरित करती है।

कोसीर मराठा समाज के प्रमुख शंभू राव के अनुसार, कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तरी जांगड़े, अरुण मालाकार, अरविंद खटकर तथा पूर्व विधायक कामदा जोल्हे शामिल होंगे।

समाज के सदस्यों में आयोजन को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है।


अन्य पोस्ट