सारंगढ़-बिलाईगढ़
सारंगढ़, 19 फरवरी। जिले की ग्राम पंचायत सोढऱडीह (खोखसीपाली) में प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर कथित अवैध वसूली के आरोप सामने आए हैं।
ग्रामीणों का दावा है कि आवास स्वीकृति दिलाने के नाम पर प्रत्येक राशन कार्डधारी से लगभग 1,000 रुपये तक लिए गए। आरोप है कि बीते महीनों में ढाई से तीन लाख रुपये तक की राशि एकत्रित की गई, जबकि अब तक किसी भी हितग्राही को आवास स्वीकृति नहीं मिली।
ग्रामीणों के अनुसार, जब उन्होंने राशि वापसी या स्वीकृति की स्थिति के बारे में जानकारी मांगी तो कथित रूप से योजनाओं से नाम काटने की धमकी दी गई। हालांकि, इन आरोपों की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और मामला जांच के अधीन है।
प्रशासन ने दिया जांच का आश्वासन
जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी राधेश्याम नायक ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। फिलहाल ग्रामीणों की निगाहें जांच प्रक्रिया पर टिकी हैं।


