सारंगढ़-बिलाईगढ़

तेंदुए की मौजूदगी, वीडियो फैला, पदचिन्ह मिलने के बाद वन विभाग अलर्ट
20-Feb-2026 7:13 PM
तेंदुए की मौजूदगी, वीडियो फैला, पदचिन्ह मिलने के बाद वन विभाग अलर्ट

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सारंगढ़, 20 फरवरी। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के केडार-सुरली मार्ग स्थित एक बांध के पास तेंदुए के देखे जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ है। वीडियो सामने आने के बाद वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर क्षेत्र का निरीक्षण किया।

वन विभाग के अनुसार, निरीक्षण के दौरान क्षेत्र में बड़े बिल्ली प्रजाति के जानवर के पदचिन्ह मिले हैं। अधिकारियों ने बताया कि वीडियो की सत्यता और तेंदुए की गतिविधि की पुष्टि के लिए तकनीकी जांच भी की जा रही है।

स्थानीय निवासी नरेश जाटवर ने बताया कि हाल के दिनों में आसपास के जंगल क्षेत्र में वन्यजीवों की गतिविधि देखी गई है। उन्होंने कहा कि बांध और जंगल से लगे क्षेत्रों में लोगों की आवाजाही रहती है, इसलिए सावधानी बरतना आवश्यक है।

वन विभाग के एसडीओ अंकित कुमार ने बताया कि यह क्षेत्र गोमर्दा अभयारण्य से जुड़ा वन क्षेत्र है, जहां तेंदुओं की उपस्थिति पूर्व से दर्ज है। उन्होंने कहा कि भोजन और आवास की तलाश में वन्यजीव कभी-कभी आबादी के समीप आ सकते हैं। विभाग द्वारा नियमित गश्त की जा रही है।

वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे शाम के समय जंगल या बांध क्षेत्र में अकेले न जाएं तथा किसी भी वन्यजीव की सूचना तत्काल विभाग को दें। अधिकारियों ने अफवाहों से बचने और केवल आधिकारिक सूचना पर भरोसा करने की सलाह दी है। मामले में आगे की निगरानी जारी है।


अन्य पोस्ट