सारंगढ़-बिलाईगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सारंगढ़, 20 फरवरी। सारंगढ़ जिले के बरमकेला स्थित पीएम श्री सेजेस विद्यालय में 10 शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। यह कार्रवाई जिला शिक्षा अधिकारी जे.आर. डहरिया द्वारा की गई है। शिक्षा विभाग के अनुसार, 18 फरवरी को बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई थी। बैठक के बाद परीक्षा संचालन से संबंधित विषयों पर स्टाफ मीटिंग भी रखी गई थी। विभागीय जानकारी के अनुसार, 10 शिक्षक बिना पूर्व सूचना या अनुमति के बैठक में अनुपस्थित पाए गए।
जिन शिक्षकों को नोटिस जारी किया गया है उनमें दयासागर चौहान, सचिदानंद नायक, रणविजय सिंह, मालती नायक, सुनंदा सर्वणकार, साहिना परविन, सुधा पटेल, ख्याति चन्द्रा, जया प्रधान और हरिश चन्द्राकर शामिल हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी ने इस अनुपस्थिति को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के प्रावधानों के तहत गंभीर माना है। संबंधित शिक्षकों को 20 फरवरी तक उपस्थित होकर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर आगे की अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
जिला शिक्षा विभाग के अनुसार, हाल के दिनों में विभिन्न संस्थाओं में अनुशासन संबंधी मामलों में नोटिस जारी किए गए हैं।


