सारंगढ़-बिलाईगढ़

सेवा भारती ने जरूरतमंदों को बांटे खाद्य सामान और कपड़े
19-Feb-2026 10:12 PM
सेवा भारती ने जरूरतमंदों को बांटे खाद्य सामान और कपड़े

सारंगढ़, 19 फरवरी। बरमकेला क्षेत्र में सेवा भारती की टीम द्वारा सेवा कार्य किया गया। समाजसेवी सतीश यादव के नेतृत्व में टीम ने सेवा बस्तियों का चयन कर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बीच खाद्य सामग्री और कपड़ों का वितरण किया।

इस दौरान टीम को कई ऐसे वृद्धजन मिले, जिनका न तो निराश्रित पेंशन बना है और न ही राशन कार्ड। अपनी समस्याएं साझा करते हुए कई बुजुर्ग भावुक हो उठे। इस पर समाजसेवी सतीश यादव ने उन्हें आश्वस्त किया कि संबंधित अधिकारियों को अवगत कराकर शीघ्र ही उनका राशन कार्ड और निराश्रित पेंशन बनवाने की पहल की जाएगी।टीम को क्षेत्र में कई दिव्यांगजन भी मिले, जिन्हें अब तक किसी प्रकार की शासकीय सहायता या आवश्यक उपकरण, जैसे ट्राइसाइकिल आदि, उपलब्ध नहीं हो सके हैं। सेवा भारती की टीम ने ऐसे जरूरतमंदों की सूची तैयार कर शासन-प्रशासन तक उनकी समस्याएं पहुंचाने का संकल्प लिया।

सेवा भारती द्वारा संचालित इन नि:शुल्क सेवाओं का उद्देश्य समाज के वंचित, गरीब और हाशिए पर जीवन यापन कर रहे वर्गों को आवश्यक संसाधन, स्वास्थ्य सहायता एवं न्याय दिलाना है। यह प्रयास सामाजिक समानता और कल्याण की भावना को सशक्त करने के साथ-साथ संविधान के अनुच्छेद 39्र के तहत नि:शुल्क विधिक सहायता जैसे प्रावधानों की भावना को भी साकार करता है।

क्षेत्रवासियों ने सेवा भारती और सतीश यादव की टीम के इस मानवीय प्रयास की सराहना की है।


अन्य पोस्ट