सारंगढ़-बिलाईगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सारंगढ़, 1 फरवरी। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देशन में तथा बिलाईगढ़ विधायक कविता प्राण लहरे के मार्गदर्शन में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सोनाखान द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के बलिदान दिवस पर सोनाखान में मनरेगा बचाव संग्राम के तहत एक दिवसीय धरना, पदयात्रा और सांकेतिक चक्का जाम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सोनाखान अध्यक्ष युधिष्ठिर नायक ने किया।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और शहीद वीर नारायण सिंह को पुष्पांजलि अर्पित कर तथा बाबा घासीदास को नमन करते हुए की गई। आयोजन के दौरान भजन प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक शामिल हुए।
इस अवसर पर विधायक कविता प्राण लहरे, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सोनाखान अध्यक्ष युधिष्ठिर नायक, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सरसिवा अध्यक्ष भीष्म साहू, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बिलाईगढ़ अध्यक्ष लकेश्वर देवांगन सहित विभिन्न मंडल अध्यक्ष, सरपंच, महिला कांग्रेस पदाधिकारी एवं पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम के माध्यम से मनरेगा से जुड़े मुद्दों को लेकर अपनी बात रखी गई। इसके बाद प्रतिभागियों द्वारा मनरेगा बचाव पदयात्रा निकाली गई तथा सांकेतिक रूप से चक्का जाम किया गया।
कार्यक्रम के पश्चात विधायक कविता प्राण लहरे अपने सहयोगियों के साथ गिरौदपुरी धाम पहुंचीं, जहां उन्होंने बाबा घासीदास के दर्शन किए। इसके बाद वे कसडोल में आयोजित एक अन्य कार्यक्रम में शामिल हुईं, जिसमें मंडल एवं ब्लॉक अध्यक्षों का पदभार ग्रहण कार्यक्रम आयोजित था।
आयोजन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, महिला प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक शामिल हुए।


