राजनांदगांव

जहां नारी का सम्मान होता है, वहीं देवी-देवता का वास होता है-अभिषेक पूर्व सांसद ने हजार महिलाओं का किया सम्मान
09-Mar-2026 9:22 PM
जहां नारी का सम्मान होता है, वहीं देवी-देवता का वास होता है-अभिषेक पूर्व सांसद ने हजार महिलाओं का किया सम्मान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 9 मार्च।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर 8 मार्च को नगर निगम द्वारा पुष्पवाटिका योगा हॉल में पूर्व सांसद अभिषेक सिंह के मुख्य आतिथ्य में महिला सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
समारोह में विशिष्ट कार्य करने वाली महिलाओं सहित स्वच्छता दीदी, सफाई दीदी, वोमेन फार ट्री की महिला, मितानिन, ई-रिक्शा महिला चालक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिकाओ का अभिषेक सिंह सहित महापौर मधुसूदन यादव, योगेश दत्त मिश्रा, खूबचंद पारख, संतोष अग्रवाल, कोमल सिंह राजपूत, सचिन बघेल एवं दिनेश गांधी ने स्मृति चिन्ह व साड़ी देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में  पूर्व सांसद अभिषेक सिंह ने कहा कि आज के ही दिन नहीं वरन हर दिन मां, बहन, बेटी एवं बहू के रूप में महिला का सम्मान करना चाहिए, क्योंकि जहां नारी का सम्मान होता है, वहां देवी-देवता निवास करते हंै। समाज के हर बच्चे को पढऩे का अवसर मिले, हर महिला कैसे सुरक्षित हो इसकी चिंता करनी है। उन्होंने राजनांदगांव शहर एवं जिला में विकास कार्य की सौगात देने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय  एवं विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह का धन्यवाद ज्ञापित किया।
कार्यक्रम में महिलाओ के लिए सत्रवार संगोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें जिला पंचायत सीईओ  सुरूचि सिंह ने स्वच्छता और जल संरक्षण के बारे में सारगर्भित जानकारी देते दी। उन्होंने स्वच्छता दीदी का काम कर बीएसएफ. में चयनित सरस्वती साहू के परिजनो को स्मृति चिन्ह से सम्मानित किया। साथ ही पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने कानून एवं हमारे अधिकार के संबंध में महिलाओं को जानकारी  देकर कहा कि सडक़ों में कचरा नहीं फेकेंगे, सुरक्षित सडक़ प्रदान करेंगे तथा स्वच्छता दीदी सफाई के साथ साथ कानूनी स्वच्छता भी बताएंगे एवं ई-रिक्शा चालक दीदी कानूनी वाहिका बन लोगों को अधिकार बताएंगे।
उन्होंनें रेल्वे थाना प्रभारी तरूणा साहू को पण्डवानी गायकी के लिए स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। उन्होंने केंसर बीमारी से जीतकर केंसर के प्रति लोगों को जागरूकता देने वाली महिला सिद्धी मिरानी का सम्मान किया। इसके अलावा विधि डायग्नोस्टिक की पैथोलाजिस्ट डॉ. विधि मोदी ने शिक्षित महिला आत्म निर्भर महिला विषय पर सारगर्भित उद्बोधन देकर जेसीबी चालक दम्यंती सोनी को स्मृति चिन्ह से सम्मानित किया। साथ ही लखोली मुक्तिधाम में विगत 25 वर्षो से निस्वार्थ सेवा देने वाली संतोषी ठाकुर को भी स्मृति चिन्ह व साड़ी से सम्मानित किया गया।
महापौर श्री यादव ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर नगर निगम द्वारा महिलाओ का सम्मान समारोह एवं स्वच्छता सर्वेक्षण संगोष्ठी आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि आज एक हजार महिलाएं जो विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर रही है, वहीं कुछ महिलाएं विशिष्ट कार्य किए हैं उन्हें सम्मानित किया जा रहा है।


अन्य पोस्ट